राम भक्त बनने का दिखावा कर रहे अखिलेश मथुरा की ईदगाह हटाने पर बात करें : मौर्य
राम भक्त बनने का दिखावा कर रहे अखिलेश मथुरा की ईदगाह हटाने पर बात करें : मौर्य
वाराणसी (उप्र), 16 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साध रहे समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर पलटवार करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि राम भक्त बनने का ‘‘दिखावा’’ कर रहे यादव को मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि के पास बनी ईदगाह को हटाने की बात करनी चाहिए।
मौर्य ने यहां संवाददाताओं से कहा कि मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि के पास ईदगाह बनी हुई है और इससे जुड़ा मामला अदालत में विचाराधीन है।
उन्होंने कहा, ‘‘अखिलेश राम भक्त बनने का दिखावा कर रहे हैं। अगर उन्हें कृष्ण भक्त बनने का केवल दिखावा नहीं करना है तो मुस्लिम वोटों का मोह छोड़कर ईदगाह हटाने की बात करें।’’
मौर्य ने कहा कि वाराणसी में काशी विश्वनाथ गलियारा बन गया है, लेकिन मंदिर के पास एक ढांचा अब भी मौजूद है। उन्होंने ज्ञानवापी मस्जिद की ओर इशारा करते हुए यह कहा।
उन्होंने दावा किया कि अयोध्या में राम मंदिर की तरह ही वाराणसी में भगवान विश्वनाथ का मंदिर बनेगा।
मौर्य के बयान पर पलटवार करते हुए सपा प्रवक्ता मनोज राय धूपचंडी ने कहा कि उपमुख्यमंत्री कानून के विरुद्ध बात कर रहे हैं, क्योंकि कृष्ण जन्मभूमि से जुड़ा मामला अदालत में विचाराधीन है।
उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री के संवैधानिक पद पर रहते हुए इस तरह का बयान देना कानूनी रूप से उचित नहीं है।
राय ने कहा, ‘‘मैं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल से मांग करता हूं कि केशव प्रसाद मौर्य के इस बयान पर उचित कार्रवाई करते हुए उन्हें बर्खास्त किया जाए।’’
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने मौर्य को सिराथू विधानसभा सीट से चुनाव में हराया था और अब मौर्य सपा के खिलाफ अनाप-शनाप बयान देकर अपनी खीझ निकाल रहे हैं।
भाषा सं. सलीम
सिम्मी
सिम्मी

Facebook


