देवरिया, 20 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद कर एक कथित तस्कर को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, लार थाना क्षेत्र के महरौना चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान यह कार्रवाई की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार पांडे ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बिहार जा रहे एक पिकअप वाहन को रोका गया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 55 कार्टन अवैध शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 5.14 लाख रुपये बताई जा रही है। जांच के दौरान पुलिस ने वाहन से यूपी15 एफटी 3915 नंबर की एक फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मेरठ जिले के मोदीपुरम स्थित पल्लवपुरम फेज-2 निवासी निसार खान (32) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ उत्पाद शुल्क अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं जफर मनीषा
मनीषा