लखनऊ, 20 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रविवार को कहा कि आज उत्तर प्रदेश निवेश, नवोन्मेष और औद्योगिक विकास के नए अवसरों के केंद्र के रूप में उभर रहा है।
पाठक ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘आज लखनऊ में ‘इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन’ (आईआईए) द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ‘इंडिया फूड एक्सपो-2026’ के 11वें संस्करण के समापन समारोह को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण, उद्योग, निवेश, रोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में हो रही प्रगति एवं उपलब्धियों पर चर्चा की।’
उन्होंने कहा, ‘उत्तर प्रदेश आज निवेश, नवाचार और औद्योगिक विकास के नए अवसरों का केंद्र बन रहा है। खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को बढ़ावा देकर किसानों की आय, युवाओं के रोजगार और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।’
एक बयान के मुताबिक इस तीन दिवसीय एक्सपो में दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, गुजरात, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड सहित आठ राज्यों के लगभग 20 हजार आगंतुकों और उद्यमियों ने भाग लिया।
भाषा सलीम शोभना
शोभना