उप्र :कवि कुमार विश्वास व दिल्ली के दो पूर्व मंत्री अदालत में नहीं हुए पेश, अगली सुनवाई 23 सितंबर को
उप्र :कवि कुमार विश्वास व दिल्ली के दो पूर्व मंत्री अदालत में नहीं हुए पेश, अगली सुनवाई 23 सितंबर को
सुलतानपुर (उप्र), 14 सितंबर (भाषा) सुलतानपुर जिले की एक विशेष अदालत में चुनाव आचार संहिता उल्लंघन के चल रहे मुकदमे में आरोपी कवि कुमार विश्वास और दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सोमनाथ भारती व सत्येंद्र जैन सोमवार को पेश नहीं हुए, जबकि उनके खिलाफ पहले से समन जारी है। अधिवक्ताओं ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सुलतानपुर की सांसद-विधायक अदालत के मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा ने मामले में अगली सुनवाई के लिए 23 सितंबर की तारीख तय की है।
अधिवक्ता मदन सिंह ने बताया कि उपरोक्त मामले में उच्चतम न्यायालय से प्रक्रिया स्थगित होने के कारण कुमार विश्वास अदालत में हाजिर नहीं हुए हैं।
वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ अमेठी से आम आदमी पार्टी (आप) के प्रत्याशी रहे कुमार विश्वास, सोमनाथ भारती व सत्येंद्र जैन के खिलाफ छह मई 2014 को अमेठी के तत्कालीन कोतवाल मोहम्मद हमीद ने आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था।
पांच मई 2014 को पांचवें चरण के लोकसभा चुनाव प्रचार अमेठी में शाम छह बजे समाप्त हो गया था। चुनाव आयोग के आदेश के तहत मतदाता के अलावा कोई बाहरी व्यक्ति लोकसभा क्षेत्र में नहीं रह सकता था। आरोप है कि चुनाव आयोग के आदेश का उल्लंघन कर कुमार विश्वास के अमेठी के महमूदपुर स्थित आवास पर भारती, जैन समेत कई बाहरी लोग मौजूद थे।
यह भी आरोप है कि कोतवाल के समझाने पर कुमार विश्वास तर्क-वितर्क करने लगे थे। पुलिस ने मामले में 27 अक्टूबर 2017 को कुमार विश्वास, सोमनाथ भारती व सत्येंद्र जैन के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था।
अदालत ने तीनों के खिलाफ समन जारी कर तलब किया था। तब से मुकदमे में कई पेशी बीत जाने के बाद भी आरोपी अदालत में पेश नहीं हुए हैं।
अमेठी के बाजार शुकुल थाने में दर्ज आचार संहिता उल्लंघन के मामले में आरोपी कुमार विश्वास के सोमवार को अदालत में पेश नहीं होने की वजह से सुनवाई एक बार फिर टल गई। मामले में अगली सुनवाई 23 सितंबर को होगी।
भाषा सं आनन्द
धीरज
धीरज

Facebook


