उप्र : बलिया में दो युवकों के पास से एक करोड़ 75 लाख रुपये की नकदी बरामद
उप्र : बलिया में दो युवकों के पास से एक करोड़ 75 लाख रुपये की नकदी बरामद
चंदौली, 28 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में पं. दीनदयाल उपाध्याय रेलवे स्टेशन पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने जांच के दौरान अकाल तख्त एक्सप्रेस ट्रेन में सवार दो युवकों के पास से एक करोड़ 75 लाख रुपये की नकदी बरामद करने का दावा किया है। जीआरपी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
जीआरपी के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि पंजाब से पश्चिम बंगाल के हावड़ा जाने वाली अकाल तख्त एक्सप्रेस ट्रेन देर रात 2:41 बजे प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंची, उसमें जांच के दौरान ट्रेन के एक कोच में सीट पर दो युवक सवार मिले।
सीओ के अनुसार पकड़े गए युवकों की पहचान रितेश (38) व प्रिग्नेश (40) के रूप में हुई है। दोनों लखनऊ के निवासी व एक ही परिवार के हैं। दोनों इस ट्रेन में लखनऊ से हावड़ा कोलकाता जाने के लिए सवार हुए थे।
सीओ ने बताया कि उनके हाव-भाव देख शंका होने पर उनके बैग की तलाशी ली गई तो उनमें 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियां भरी हुईं मिलीं। पूछताछ में दोनों नकदी के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके, जिसके बाद उन्हें थाने लाकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने बताया कि उनका हीरे-जवाहरात का कारोबार है और यह पैसा उनका ही है।
वहीं, जीआरपी के अनुसार अब तक की जांच में बरामद नकदी कथित तौर पर हवाला की प्रतीत होती है। हालांकि, उन्हें इसके कागजात प्रस्तुत करने को कहा गया है। कागजात नहीं प्रस्तुत करने पर आयकर विभाग बरामद नकदी को जब्त कर लेगा।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत

Facebook


