उप्र: योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने गुरु ग्रंथ साहिब के प्रकाश पर्व की बधाई दी
उप्र: योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने गुरु ग्रंथ साहिब के प्रकाश पर्व की बधाई दी
लखनऊ, 12 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई नेताओं ने शनिवार को श्री गुरु ग्रंथ साहिब के प्रकाश पर्व पर सिखों और प्रदेशवासियों को बधाई दी।
‘गुरु ग्रंथ साहिब’ सिखों का पवित्र ग्रंथ है जिसे समुदाय जीवित गुरु के रूप में सम्मान देता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सिख पंथ के पवित्र ग्रंथ ‘श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी’ के पावन प्रकाश पर्व की सभी सिख बंधुओं एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।’’
योगी ने कहा कि यह पावन ग्रंथ समूची मानवता को समरसता, सेवा, सत्य एवं करुणा का अमर संदेश प्रदान करता है।
उन्होंने कहा, ‘‘आइए, उनके दिव्य उपदेशों को आत्मसात कर राष्ट्र एवं समाज की उन्नति में अपना योगदान दें।’’
वहीं, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन प्रकाश पर्व पर आप सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पवित्र वाणी सत्य, सेवा, प्रेम, समानता और मानवता के कल्याण का मार्ग दिखाती है तथा समूची मानवता को सद्भाव और भाईचारे की प्रेरणा देती है।’’
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और भाजपा की प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘समस्त देश एवं प्रदेशवासियों को श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।’’
मौर्य ने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब की पावन वाणी प्रेम, सेवा, समानता, करुणा और मानवता का संदेश देती है।
उन्होंने कहा, ‘‘आइए, इस पावन अवसर पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात कर सामाजिक समरसता को और मजबूत करने का संकल्प लें।’’
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन प्रकाश पर्व की समस्त सिख बंधुओं, श्रद्धालुओं एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं!’’
उन्होंने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब की शिक्षाएं संपूर्ण सृष्टि को युगों-युगों तक सामाजिक समरसता, सद्भाव, संस्कार और मानवता के प्रकाश से आलोकित करती रहेंगी।
भाषा आनन्द
सिम्मी
सिम्मी

Facebook


