उत्तर प्रदेश: पशु चोरी के तीन आरोपी गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक घायल

उत्तर प्रदेश: पशु चोरी के तीन आरोपी गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक घायल

उत्तर प्रदेश: पशु चोरी के तीन आरोपी गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक घायल
Modified Date: August 7, 2026 / 03:08 pm IST
Published Date: August 7, 2026 3:08 pm IST

मेरठ (उप्र), सात अगस्त (भाषा) मेरठ जिले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पशु चोरी के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस की एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मुण्डाली थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया।

किठौर की पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) सौम्या अस्थाना ने बताया कि कांवड़ यात्रा के मद्देनजर पुलिस जिसौरा-जिसौरी चौराहे पर बृहस्पतिवार रात को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन संदिग्धों को रूकने का इशारा किया गया, लेकिन वे पुलिसकर्मियों को टक्कर मारकर भागने लगे।

उन्होंने बताया कि पीछा कर घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद तीनों को दबोच लिया गया।

सीओ के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुण्डाली के जिसौरा निवासी जितेंद्र, गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र के डासना निवासी तहसीन और मुण्डाली के जिसौरा निवासी मारूफ के रूप में हुई है।

मुठभेड़ में घायल जितेंद्र के पास से हथियार तथा 11,400 रुपये बरामद किए गए। तहसीन के पास से 3,320 रुपये, मारूफ के पास से 2,500 रुपये और एक बाइक बरामद हुई। कुल 17,220 रुपये की नकदी हाल में हुई पशु चोरी से संबंधित बताई जा रही है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने करीब एक सप्ताह पहले मुण्डाली क्षेत्र से एक भैंसा चुराकर 29,000 रुपये में बेच दिया था। वे दोबारा चोरी के इरादे से इलाके में घूम रहे थे, तभी पकड़े गए।

सीओ ने बताया कि मुख्य आरोपी जितेंद्र के खिलाफ चोरी, लूट, हथियार कानून सहित एक दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज हैं। अन्य दोनों के खिलाफ भी आपराधिक मामले हैं।

भाषा सं आनन्द रंजन आशीष

आशीष


लेखक के बारे में