उप्र: तेज आंधी के कारण दीवार और पेड़ गिरने की अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत
उप्र: तेज आंधी के कारण दीवार और पेड़ गिरने की अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत
हाथरस, 30 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में बृहस्पतिवार शाम आई तेज धूल भरी आंधी के बाद अलग-अलग घटनाओं में दो बच्चों सहित तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि सादाबाद थाना क्षेत्र के बिलारा गांव में तेज आंधी के दौरान एक निर्माणाधीन इमरत की दीवार ढह गई, जिससे आठ वर्षीय एक लड़की और 12 वर्षीय एक लड़के की दबकर मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, दोनों बच्चे तेज हवाओं से बचने के लिए दीवार के पास खड़े थे कि तभी दीवार अचानक उन पर गिर गई।
स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को मलबे से बाहर निकाला और उन्हें सादाबाद के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मुरसान थाना क्षेत्र के बरधवारी गांव में एक पेड़ गिरने से 52 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान खजान सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि सिंह बकरियां चराकर घर लौट रहा था कि तभी अचानक आए तूफान के कारण उसने एक पेड़ के नीचे शरण ली।
पुलिस के मुताबिक, पेड़ के गिरने से वह नीचे फंस गया।
पुलिस ने बताया कि सिंह को मुरसान स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
भाषा सं जफर जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


