सीतापुर, 19 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में रविवार को तालाब में नहाते समय दो नाबालिग चचेरे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार यह घटना जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के बन्नी खरेला गांव की है, बढ़ती गर्मी के बीच दोनों लड़के तालाब में नहाने गए थे, तभी वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
मानपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) आशुतोष मिश्रा ने बताया कि मृतकों की पहचान अर्पित (13) और उसके चचेरे भाई कपिल (12) के रूप में हुई है।
उन्होंने कहा कि गांव वालों की मदद से दोनों के शव तालाब से बाहर निकाले गए और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार गांव के बच्चे गर्मियों में अक्सर तालाब में नहाने जाते हैं, लेकिन इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि कपिल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जबकि अर्पित की दो बहनें हैं।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत