पीलीभीत (उप्र), आठ मई (भाषा) पीलीभीत जिले के बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार रात ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि उनका तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने बताया कि तीनों दोस्त देवी मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे, तभी ट्रैक्टर ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार, मोहल्ला दुबे निवासी सुमित उर्फ आलोक (24), सौरभ (20) और आशीष मोटरसाइकिल से बेनीपुर मार्ग स्थित भसूड़ा पुलिया के पास बने देवी मंदिर जा रहे थे। भसूड़ा पुलिया चौराहे के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी।
पुलिस ने बताया कि हादसे में सुमित और सौरभ की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल आशीष को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीसलपुर पहुंचाया, जहां से उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया।
बीसलपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है और फरार चालक की तलाश में टीम गठित की गई हैं।
पुलिस ने दोनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। शनिवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
भाषा सं आनन्द आशीष
आशीष