पीलीभीत में बुजुर्ग महिला की हत्या कर शव भूसे के ढेर में जलाया

Ads

पीलीभीत में बुजुर्ग महिला की हत्या कर शव भूसे के ढेर में जलाया

  •  
  • Publish Date - August 7, 2026 / 11:45 PM IST,
    Updated On - August 7, 2026 / 11:45 PM IST

पीलीभीत (उप्र), सात अगस्त (भाषा) पीलीभीत के अमरिया थाना क्षेत्र के जिठनिया गांव में 65 वर्षीय एक महिला की हत्या कर उसका शव घर के बाहर रखे भूसे के ढेर में जलाकर साक्ष्य मिटाने का मामला सामने आया है।

पुलिस ने मृतका के दामाद के विरुद्ध हत्या और साक्ष्य मिटाने का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी फरार है।

क्षेत्राधिकारी (सदर) नताशा गोयल ने बताया कि राख के ढेर से बरामद हड्डियों को डीएनए परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही आधिकारिक तौर पर यह पुष्टि हो सकेगी कि बरामद अवशेष मोहन देई के ही हैं।

अमरिया थाना की पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को मृतका के बेटे सुरेश कुमार की तहरीर पर आरोपी महेंद्र पाल के विरुद्ध हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।

सुरेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी मां मोहन देई (65) गांव के बाहर कब्रिस्तान के पास स्थित दूसरे मकान में अकेली रहती थीं। 31 जुलाई की रात उनका बहनोई महेंद्र पाल वहां आया और रात में वहीं रुका था।

आरोप है कि महेंद्र को अपनी पत्नी का सास से मिलना-जुलना पसंद नहीं था और इसी रंजिश में उसने मोहन देई की कथित तौर पर हत्या कर दी।

तहरीर के मुताबिक, घटना के अगले दिन जब मोहन देई घर पर नहीं मिलीं तो परिजनों ने उनकी खोज की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। कई दिनों तक खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चल सका। बृहस्पतिवार देर शाम परिजन घर के बाहर जले हुए भूसे के ढेर की राख हटा रहे थे। इसी दौरान वहां से जली हुई हड्डियां और कांच की चूड़ियां मिलीं। इसके बाद हत्या की आशंका पर परिजनों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।

भाषा सं राजेंद्र शफीक

शफीक