उत्तर प्रदेश: गोहत्‍या मामले में वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

Ads

उत्तर प्रदेश: गोहत्‍या मामले में वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 13, 2026 / 05:27 PM IST,
    Updated On - September 13, 2026 / 05:27 PM IST

संत कबीरनगर (उप्र), 13 सितंबर (भाषा) संत कबीरनगर जिले में रविवार तड़के पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल होने के बाद गोहत्या के मामले में वांछित एक युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार गोवंश की चोरी और गोहत्या का आरोपी महबूब अली (26), कुआनो नदी के पास मुठभेड़ के दौरान बाएं पैर में गोली लगने से घायल हो गया। अली 10 सितंबर की रात एक बछड़े की कथित चोरी और हत्या के मामले में वांछित था।

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर तड़के जब आरोपी से आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, तो उसने पुलिस टीम पर कथित तौर पर गोली चला दी, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई और उसके पैर में गोली लग गई।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से एक देसी पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए। मामले में भारतीय न्याय संहिता और आयुध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

संत कबीरनगर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) संदीप कुमार मीणा ने कहा कि गोहत्या और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और इस मामले में बाकी दो आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

भाषा सं आनन्द आशीष

आशीष