उप्र: करोड़ों रुपये के फर्जी आईपीओ घोटाले का वांछित आरोपी नागपुर से गिरफ्तार

Ads

उप्र: करोड़ों रुपये के फर्जी आईपीओ घोटाले का वांछित आरोपी नागपुर से गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 4, 2026 / 12:23 AM IST,
    Updated On - August 4, 2026 / 12:23 AM IST

लखनऊ, तीन अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने करोड़ों रुपये के फर्जी आईपीओ निवेश घोटाले में वांछित आरोपी को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

एसटीएफ की ओर से जारी बयान के अनुसार, आरोपी की पहचान अनुराग अरविंद श्रीवास्तव के रूप में हुई है और वह लखनऊ साइबर क्राइम थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज मामले में वांछित था।

एसटीएफ के मुताबिक, आरोपी को 31 जुलाई को नागपुर जिले के मानकापुर थाना क्षेत्र स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया गया।

एसटीएफ ने बताया कि छापेमारी के दौरान उसके पास से एक लैपटॉप, आईफोन, टाटा नेक्सन कार, तीन कंपनियों की फर्जी मुहरें, 139 दस्तावेज, छह खाली चेकबुक, 3.17 करोड़ रुपये का बिना हस्ताक्षर वाला चेक, 2.50 करोड़ रुपये के दो अन्य बिना हस्ताक्षर वाले चेक, एक रद्द चेक और दो सिम कार्ड बरामद किए गए।

पुलिस मामले में आरोपी से पूछताछ कर रही है और घोटाले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

भाषा आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र