उप्र : सुलतानपुर में बुजुर्ग की हत्या के मामले में पत्नी गिरफ्तार
उप्र : सुलतानपुर में बुजुर्ग की हत्या के मामले में पत्नी गिरफ्तार
सुलतानपुर, 14 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में कुड़वार थाना क्षेत्र के मीरापुर गांव में शनिवार को एक बुजुर्ग व्यक्ति की हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान रामतेज (65) के रूप में हुई है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक बुजुर्ग का शव घर के पीछे चारदीवारी के पास खून से लथपथ पाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रामतेज अपने घर में अकेले रहते थे। उनकी बेटी की शादी हो चुकी है। ग्रामीणों के अनुसार उनकी पत्नी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है। शनिवार सुबह कुछ ग्रामीणों ने घर के पीछे खून फैला देखा, जिसके बाद रामतेज का शव बरामद हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही कुड़वार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव के पास से एक ईंट और एक कुल्हाड़ी बरामद की है। आशंका है कि इन्हीं हथियारों से व्यक्ति पर हमला किया गया।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सामंत ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पीआरवी को सूचना मिली थी कि रामतेज कोरी आज घर से बाहर नहीं निकले हैं और दरवाजा अंदर से बंद है। पीआरवी टीम ने दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया, जहां रामतेज कोरी मृत अवस्था में पाए गए।
सामंत ने यह भी बताया कि रामतेज ने पिछले साल एक 45 वर्षीय महिला को अपनी पत्नी बनाया था, जो सड़कों पर घूमती रहती थी।
पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की है।
भाषा
सं, जफर रवि कांत

Facebook


