नोएडा में साजिश के तहत हिंसा भड़काई गई: राजभर

Ads

नोएडा में साजिश के तहत हिंसा भड़काई गई: राजभर

  •  
  • Publish Date - April 13, 2026 / 11:29 PM IST,
    Updated On - April 13, 2026 / 11:29 PM IST

लखनऊ, 13 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के श्रम एवं रोजगार मंत्री अनिल राजभर ने नोएडा हिंसा को ‘सुनियोजित साजिश’ करार देते हुए सोमवार को कहा कि यह घटना प्रदेश के विकास और शांति व्यवस्था को बाधित करने के उद्देश्य से कराई गई प्रतीत होती है।

एक आधिकारिक बयान में सोमवार को यह जानकारी दी गई।

बयान के मुताबिक राजभर ने कहा कि पिछले दिनों मेरठ और नोएडा से चार संदिग्ध आतंकवादियों की गिरफ्तारी हुई है, जिनके तार पाकिस्तान में बैठे हैंडलर से जुड़े थे।

उन्होंने अंदेशा जताया कि ऐसे में प्रदेश में अस्थिरता फैलाने की साजिश की आशंका को बल मिलता है, जिसकी एजेंसियां गंभीरता से जांच कर रही हैं।

मंत्री ने यह भी कहा कि सोमवार को मुजफ्फरनगर में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम को विफल करने के इरादे से भी इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम दिए जाने की आशंका है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर देश विरोधी ताकतें इस तरह के षड्यंत्र रच रही हैं।

उल्लेखनीय है कि नोएडा के फेज-2, सेक्टर-60, 62 और 84 समेत कई औद्योगिक क्षेत्रों में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर श्रमिकों का प्रदर्शन सोमवार को हिंसक हो गया। इस दौरान पथराव, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं, वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया।

भाषा आनन्द जोहेब

जोहेब