राहुल भारत की विरासत, भविष्य से खिलवाड़ क्यों करना चाहते हैं : योगी

राहुल भारत की विरासत, भविष्य से खिलवाड़ क्यों करना चाहते हैं : योगी

राहुल भारत की विरासत, भविष्य से खिलवाड़ क्यों करना चाहते हैं : योगी
Modified Date: August 24, 2026 / 03:09 pm IST
Published Date: August 24, 2026 3:09 pm IST

रायबरेली, 24 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के मनुस्मृति वाले बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए सोमवार को उनसे सवाल किया कि वह “अर्बन नक्सलियों के हाथों भारत की वर्तमान पीढ़ी के भविष्य को खराब” क्यों करना चाहते हैं।

रायबरेली में 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के नायक ‘अवध केसरी’ राणा बेनी माधव बख्श सिंह की 222वीं जयंती पर आयोजित समारोह में योगी ने कहा कि राहुल गांधी से व्यक्तिगत तौर पर देश को कोई उम्मीद नहीं है, लेकिन नेता प्रतिपक्ष के पद पर रहते हुए उनसे जिम्मेदार और सकारात्मक भूमिका निभाने की अपेक्षा है।

योगी ने आरोप लगाया कि राहुल भारत की परंपरा और विरासत की आलोचना को अपना “जन्मसिद्ध अधिकार” समझते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल ने संविधान की शपथ लेने के बावजूद भारत की परंपराओं और विरासत को कोसा है।

राहुल की ओर से हाल में पुणे में दिए मनुस्मृति संबंधी कथित बयान का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि मनु को समझने के लिए संबंधित प्राचीन ग्रंथों का अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि क्या मनुस्मृति ने महिलाओं को पुरुषों के अधीन रखने की बात कही है।

रायबरेली से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शनिवार को पुणे में कांग्रेस के युवा संपर्क कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ में कहा था कि महिलाओं का अपना अस्तित्व है और उनकी पहचान को उनके पिता, पति या बेटों के अधीन नहीं रखा जाना चाहिए। उन्होंने मनुस्मृति के उस नियम को “शर्मनाक” बताया था, जिसके अनुसार महिला को जीवन के हर चरण में पुरुष रिश्तेदारों के अधीन रहना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने राहुल पर भारत की संस्थाओं और प्रधानमंत्री पद का अपमान करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि भारत की एक संस्था हैं और इस पद को कटघरे में खड़ा करने से देश की संस्थाओं की गरिमा प्रभावित होती है।

योगी ने कांग्रेस और गांधी परिवार पर देश का बंटवारा कराने तथा स्वतंत्रता सेनानियों को उचित सम्मान नहीं देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने काकोरी ट्रेन घटना को गलत तरीके से ‘काकोरी लूट’ बताया, जबकि क्रांतिकारियों ने ब्रिटिश सरकार के खजाने का इस्तेमाल आजादी के आंदोलन के लिए किया था।

योगी ने वीर सावरकर और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति कांग्रेस के रवैये पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि जो समाज अपने पूर्वजों को भूल जाता है, उसका भविष्य नहीं होता।

योगी ने राहुल से भारत की विरासत और वर्तमान पीढ़ी के भविष्य के प्रति अधिक जिम्मेदार भूमिका निभाने की अपील की।

इस अवसर पर प्रदेश सरकार के कई मंत्री, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

भाषा

आनन्द मनीषा पारुल

पारुल

पारुल


लेखक के बारे में