जब तक राम मंदिर जाने की इजाजत नहीं मिलती, तब तक अयोध्या नहीं छोड़ेंगे: अजय राय

जब तक राम मंदिर जाने की इजाजत नहीं मिलती, तब तक अयोध्या नहीं छोड़ेंगे: अजय राय

जब तक राम मंदिर जाने की इजाजत नहीं मिलती, तब तक अयोध्या नहीं छोड़ेंगे: अजय राय
Modified Date: June 30, 2026 / 12:42 pm IST
Published Date: June 30, 2026 12:42 pm IST

लखनऊ, 30 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय ने मंगलवार को दावा किया कि जब तक उन्हें राम मंदिर जाने की इजाजत नहीं मिलती तब तक अयोध्‍या नहीं छोड़ेंगे।

अयोध्‍या से अजय राय ने मंगलवार को दूरभाष पर ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में कहा, ‘‘मंगलवार के कार्यक्रम के लिए अयोध्या पहुंचते ही पुलिस ने उन्हें तुरंत ‘हाउस अरेस्ट’ (नजरबंद) कर लिया।’’

हालांकि, उन्होंने कहा कि जब तक उन्हें राम मंदिर जाने की इजाजत नहीं मिलती, वे अयोध्या नहीं छोड़ेंगे।

राय ने एक अतिथि गृह से ‘पीटीआई-भाषा’ से फोन पर बातचीत में पूछा,‘‘यह कैसी सरकार है जो हमारे राम मंदिर जाने से डरती है।’’

राय ने कहा कि उन्हें मंगलवार के कार्यक्रम के लिए मंदिर शहर पहुंचने के तुरंत बाद सोमवार आधी रात को एक अतिथि गृह में ले जाया गया था।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, ‘‘आधी रात को मुझे मेरे होटल से आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के अतिथि गृह में ले जाया गया और अभी मुझे वहीं रखा गया है।’’

उनकी पत्नी ने उनके ठिकाने को लेकर चिंता जताई थी। राय यह पक्का नहीं बता पाए कि उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया है या ‘नजरबंद’ किया गया है।

उन्होंने अंदेशा जताते हुए कहा, ‘‘मुझे लगता है कि उन्होंने मुझे गिरफ़्तार कर लिया है, वरना वे मुझे आधी रात को इस अतिथि गृह में क्यों लाते और यहां क्यों रोककर रखते?’’

राय ने कहा, ‘‘मेरे दल के कई सदस्य जो आज के कार्यक्रम के लिए अलग-अलग क्षेत्रों से आ रहे थे, उन्हें रोका गया, गिरफ्तार किया गया या उनके घरों में ही रोक दिया गया।’’

पुलिस की ओर से इस बात की तुरंत कोई पुष्टि नहीं हुई कि राय को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया है या नहीं।

इस दल में शामिल अन्य कांग्रेस नेताओं में सांसद किशोरी लाल शर्मा (अमेठी), राकेश राठौर (सीतापुर), उज्ज्वल रमन सिंह (प्रयागराज) और तनुज पुनिया (बाराबंकी) के अलावा अन्य लोग भी शामिल थे।

अजय राय ने इस बीच मंगलवार को भारतीय युवक कांग्रेस के ‘एक्स’ पर एक पोस्ट को साझा किया जिसमें कहा गया ”आज कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल प्रभु श्री राम के दर्शन के लिए अयोध्या जा रहा था, लेकिन भाजपा सरकार ने उप्र कांग्रेस अध्यक्ष अजय रा जी समेत प्रतिनिधिमंडल को हाउस अरेस्ट कर लिया।”

पोस्‍ट में सवाल उठाया गया है कि ‘‘आखिर प्रभु श्री राम के भक्तों से इतना डर क्यों? जय श्री राम।’’

अयोध्या में राम मंदिर दान में कथित गबन का मामला आने के बाद इसके पहले भी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने 18 जून को अयोध्या की यात्रा करके दर्शन पूजन किया था।

अयोध्या में दान में गबन का मामला सात जून को समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए उठाया और न्यायिक हस्तक्षेप पर जोर दिया था।

हालांकि, इस मामले में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर उप्र के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने एक तीन सदस्यीय विशेष जांच दल का गठन किया जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आठ आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

भाषा मनीष आनन्‍द

वैभव संतोष

संतोष


लेखक के बारे में