बरेली में साड़ी वितरण कार्यक्रम में भीड़ के कुचलने से महिला की मौत हुई : परिजन

Ads

बरेली में साड़ी वितरण कार्यक्रम में भीड़ के कुचलने से महिला की मौत हुई : परिजन

  •  
  • Publish Date - August 28, 2026 / 08:20 PM IST,
    Updated On - August 28, 2026 / 08:20 PM IST

बरेली (उप्र), 28 अगस्त (भाषा) रक्षाबंधन के त्योहार से पहले यहां आयोजित साड़ी वितरण कार्यक्रम में कथित तौर पर भीड़ द्वारा कुचले जाने से 45 वर्षीय महिला की मौत हुई। परिवार ने शुक्रवार को यह दावा किया।

महिला का अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया गया। परिवार ने आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार को घटना के बहुत बाद उन्हें घटना की जानकारी दी गई।

बारादरी थाना क्षेत्र के सतीपुर कॉलोनी के चंद्रगुप्तपुरम की रहने वाली मधु सिंह बृहस्पतिवार को बरेली क्लब के मेला ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं।

महापौर उमेश गौतम और उनके बेटे पार्थ गौतम के फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में रक्षा बंधन से पहले महिलाओं को साड़ियों का वितरण भी किया जाना था।

परिजनों के मुताबिक घटना के बाद मधु की हालत बिगड़ने पर उसे मिशन अस्पताल ले जाया गया।

मृतका के भतीजे और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व मंडल अध्यक्ष राजा तोमर ने कहा कि वह मधु को पूर्वाह्न 10 बजे के आसपास कार्यक्रम स्थल पर लाए थे और स्कूल ऑटो चलाने के लिए जाने से पहले उन्हें अपने पड़ोस की महिलाओं के साथ छोड़ दिया था।

तोमर ने कहा कि उन्हें अपराह्न करीब 1.30 बजे एक फोन कॉल आया जिसमें बताया गया कि भीड़ की वजह से हुई अव्यवस्था की घटना के बाद मधु की हालत खराब हो गई है।

एक रिश्तेदार लता देवी ने आरोप लगाया कि परिवार को अस्पताल में मधु की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त करने के लिए संघर्ष करना पड़ा।

तोमर ने कहा कि महापौर ने उन्हें कार्यक्रम के लिए 15 पास उपलब्ध कराए गए थे और आरोप लगाया कि अगर परिवार को पहले सूचित किया गया होता तो मधु को पास के सैन्य अस्पताल ले जाया जा सकता था।

मधु के बहनोई अनेश सिंह ने कहा कि उनके पति भगवान सिंह सेवानिवृत्त सेना कर्मी हैं। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को बरेली के गुलाब बाड़ी श्मशान घाट पर किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिलाओं ने उपहार लेने के लिए आगे बढ़ने की कोशिश की तो भीड़ अनियंत्रित हो गई। धक्का-मुक्की के दौरान कई महिलाएं एक-दूसरे के ऊपर गिर गईं, जिसमें कथित तौर पर मधु गंभीर रूप से घायल हो गईं।

बरेली के जिला अधिकारी अवनीश सिंह ने कहा कि उन्हें आयोजन के बारे में कोई जानकारी या इससे संबंधित कोई शिकायत नहीं मिली है।

उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से संबंधित मामलों को अपर जिला मजिस्ट्रेट (नगर) और सिटी मजिस्ट्रेट के स्तर पर निपटाया जाता है।

पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारिक ने बताया कि महापौर का कार्यक्रम निजी था और इसकी सूचना पुलिस को पहले से नहीं दी गई थी। भीड़ और अव्यवस्था की सूचना मिलने के बाद स्थिति को संभालने के लिए पुलिस टीम को कार्यक्रम स्थल पर भेजा गया।

पारिक ने कहा कि पुलिस को उस समय किसी की मौत या घायल होने की कोई जानकारी नहीं थी और किसी भी शिकायत की जांच की जाएगी।

सिटी मजिस्ट्रेट राजेश वर्मा ने भी कहा कि प्रशासन को बरेली क्लब मैदान पर कार्यक्रम की जानकारी नहीं दी गई थी।

हालांकि, महापौर उमेश गौतम ने शुक्रवार को दावा किया कि कार्यक्रम सुचारू रूप से संचालित हुआ और कोई अव्यवस्था नहीं हुई ।

पुलिस ने बृहस्पतिवार को कार्यक्रम में किसी की मौत की खबरों से इनकार करते हुए कहा था कि उन्हें एक या दो महिलाओं के बेहोश होने की जानकारी मिली है। कथित तौर पर धक्का-मुक्की के बीच एक महिला को चक्कर आने और चोट लगने के बाद अस्पताल ले जाया गया और इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।

भाषा सं जफर धीरज

धीरज