देवरिया में घर का छज्जा गिरने से महिला की मौत, तीन बच्चे घायल

देवरिया में घर का छज्जा गिरने से महिला की मौत, तीन बच्चे घायल

देवरिया में घर का छज्जा गिरने से महिला की मौत, तीन बच्चे घायल
Modified Date: July 3, 2026 / 10:59 am IST
Published Date: July 3, 2026 10:59 am IST

देवरिया (उप्र), तीन जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में एक घर का छज्जा गिरने से 45 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई और तीन बच्चे घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

यह घटना बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे गौरीबाजार थाना क्षेत्र के गौरीबाजार कस्बे में हुई।

पुलिस ने बताया कि सुरौली थाना क्षेत्र के मंझगावां गांव की रहने वाली फूला देवी अपने रिश्तेदारों के घर आई थी और इसी दौरान पड़ोस के एक घर का छज्जा अचानक गिर गया जिससे फूला देवी और तीन बच्चे मलबे में दब गए।

पुलिस ने बताया कि चारों को गौरीबाजार के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

उसने बताया कि बाद में फूला देवी को देवरिया के महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान बृहस्पतिवार देर रात उसकी मौत हो गई।

घायल बच्चों श्री (चार), आदित्य (तीन) और वीर (दो) को मामूली चोटें आई हैं और प्राथमिक उपचार के बाद वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार राय ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है और आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

भाषा सं जफर वैभव सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में