बहराइच में गन्ने के खेत से निकले तेंदुए के हमले में महिला की मौत, ग्रामीणों में दहशत

बहराइच में गन्ने के खेत से निकले तेंदुए के हमले में महिला की मौत, ग्रामीणों में दहशत

बहराइच में गन्ने के खेत से निकले तेंदुए के हमले में महिला की मौत, ग्रामीणों में दहशत
Modified Date: September 25, 2026 / 11:51 am IST
Published Date: September 25, 2026 11:51 am IST

बहराइच (उप्र), 25 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के सुजौली रेंज में बृहस्पतिवार शाम गन्ने के खेत से निकले तेंदुए ने महिला पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।

प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) अपूर्व दीक्षित ने बताया कि सुजौली गांव के गड़ेरियन पुरवा निवासी ममता (35), पत्नी राजेंद्र, शाम करीब छह बजे घर के पास खेत में काम कर रही थीं। इसी दौरान गन्ने के खेत से निकले तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया।

उन्होंने बताया कि घटनास्थल निकटतम जंगल से करीब दो किलोमीटर दूर है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। मृतका के पति राजस्थान में थे और शुक्रवार सुबह बहराइच पहुंच गए। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज रही है।

डीएफओ ने बताया कि घटना से कुछ दिन पहले सुजौली क्षेत्र में वन विभाग ने दो जागरूकता अभियान चलाए थे। बड़े मांसाहारी जानवरों को आबादी से दूर रखने के लिए हाथियों से गश्त भी कराई गई थी। घटना से कुछ मिनट पहले घटनास्थल से करीब 100 से 200 मीटर की दूरी पर दो कैमरा ट्रैप भी लगाए गए थे।

क्षेत्र में हाल के दिनों में तेंदुए के हमलों की कई घटनाएं सामने आई हैं। इसी महीने सुजौली क्षेत्र में 86 वर्षीय महिला की तेंदुए के हमले में मौत हुई थी, जबकि एक अन्य घटना में युवक घायल हुआ था। इसके अलावा बहराइच में कई तेंदुओं को पिंजरे लगाकर सुरक्षित पकड़ा गया और स्वास्थ्य परीक्षण के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत जंगल में छोड़ा गया।

वन विभाग के अनुसार, बाढ़ के बाद आबादी वाले इलाकों में तेंदुओं की आवाजाही बढ़ी है और निगरानी व बचाव अभियान तेज किए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही से लोग भयभीत हैं।

भाषा राजेंद्र रंजन

रंजन


लेखक के बारे में