अखिलेश ने चुनाव आयुक्तों के बीच मतभेद की रिपोर्ट की ओर इशारा किया
अखिलेश ने चुनाव आयुक्तों के बीच मतभेद की रिपोर्ट की ओर इशारा किया
लखनऊ, 23 सितंबर (भाषा) समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग के भीतर कथित मतभेद को लेकर एक अंग्रेजी दैनिक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए बुधवार को कहा कि पिछले 10 महीनों में दो चुनाव आयुक्तों ने निर्वाचन आयोग के गलत निर्णयों पर 14 बार अपनी आपत्ति दर्ज कराई है।
‘इंडियन एक्सप्रेस’ की इस रिपोर्ट के मुताबिक, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने नए मतदाताओं को जोड़ने, नामों को हटाने और मतदाता डेटाबेस तक पहुंच से जुड़े मुद्दों समेत मतदाता सूचियों से संबंधित निर्णयों और आदेशों पर औपचारिक रूप से आपत्ति की थी।
यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर रिपोर्ट की एक क्लिप साझा करते हुए कहा, “यह एक बेहद गंभीर समाचार है कि पिछले 10 महीनों में दो चुनाव आयुक्तों ने निर्वाचन आयोग के गलत निर्णयों पर 14 बार अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। इसका सीधा मतलब है कि सभी चुनाव आयुक्त अपना सही काम नहीं कर पा रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “एक स्वतंत्र निकाय के सदस्यों को अगर न्यायपूर्ण कार्य करने की स्वतंत्रता नहीं है या उनकी कोई सुनवाई नहीं है तो ये लोकतंत्र के लिए बेहद घातक और ख़तरनाक हालात हैं।”
सपा प्रमुख ने कहा, “कुछ लोगों द्वारा सत्ता की कठपुतली बनकर लोकतंत्र को धोखा देना घोर संवैधानिक अपराध है। यह लोकतंत्र को मिटाने के किसी षड्यंत्र से कम नहीं है। माननीय उच्चतम न्यायालय स्वत: संज्ञान ले! ”
भाषा सं राजेंद्र मनीषा
मनीषा

Facebook


