मेरठ में कार से युवक का शव बरामद, हत्या का मामला दर्ज
मेरठ में कार से युवक का शव बरामद, हत्या का मामला दर्ज
मेरठ (उप्र.), दो जून (भाषा) मेरठ जिले में पुलिस ने 23 वर्षीय युवक का शव राजमार्ग किनारे खड़ी एक कार से बरामद किया है। उसके सिर पर गोली लगने के निशान थे। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान हापुड़ जिले के निवासी तुषार त्यागी के रूप में हुई है और उसकी पत्नी की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस अधीक्षक (देहात) अभिजीत कुमार ने बताया कि सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात पुलिस को सूचना मिली थी कि तुषार त्यागी की हत्या कर दी गई है और उसका शव पांचली पुल के नीचे खड़ी एक कार में है।
उन्होंने बताया कि सूचना पर खरखौदा थाना पुलिस, अपराध शाखा की टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया।
अधिकारी के अनुसार, हापुड़ जिले के दयोमी गांव में भी पड़ताल की गई जिसमें पता चला कि तुषार अपने परिचित अरविंद और बिट्टू त्यागी के साथ किसी काम से घर से निकला था।
उन्होंने बताया कि पुलिस को अरविंद त्यागी के घर के बाहर खून के निशान मिले हैं, जिन्हें साक्ष्य के रूप में सुरक्षित कर लिया गया है।
अभिजीत कुमार ने कहा कि तुषार के परिजनों से पूछताछ में यह भी पता चला है कि उसका अरविंद और गांव के ही निवासी तरुण त्यागी के साथ पहले से विवाद था।
पुलिस के अनुसार, मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोपियों की भूमिका की पुष्टि होने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं जफर
मनीषा खारी
खारी

Facebook


