पाकिस्तान के कराची में लू से 10 लोगों की मौत
पाकिस्तान के कराची में लू से 10 लोगों की मौत
कराची, पांच मई (भाषा) पाकिस्तान के सिंध प्रांत में भीषण गर्मी से कराची में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई है।
‘एधी वेलफेयर ट्रस्ट’ के फैसल एधी ने बताया कि सोमवार को कराची शहर के विभिन्न स्थानों से पांच शव बरामद किए गए, जबकि लू लगने के लक्षणों वाले पांच लोगों की अस्पतालों में इलाज के दौरान मौत हो गई। एधी वेलफेयर ट्रस्ट देश भर में चिकित्सा सुविधाओं और आश्रय गृहों का एक नेटवर्क संचालित करता है।
पाकिस्तान मौसम विज्ञान विभाग (पीएमडी) के अनुसार, कराची में सोमवार को तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया, जो 2018 के बाद का सबसे गर्म दिन था।
सिंध में जारी गर्मी, दक्षिण एशिया में जलवायु परिवर्तन की वजह से लगातार और बढ़ती भीषण गर्मी की घटनाओं के एक बड़े स्वरूप का हिस्सा है।
एक्सप्रेस ट्रिब्यून अखबार के अनुसार, इससे पहले, शनिवार को पीएमडी ने कराची और सिंध प्रांत के कई जिलों के लिए लू की चेतावनी जारी की थी।
एक्सप्रेस ट्रिब्यून अखबार के अनुसार, प्रांत के अधिकतर हिस्सों में यही स्थिति रहने की आशंका है।
बार-बार बिजली गुल होने से कराची के लोगों का जीवन और भी कठिन हो गया है।
सिंध के मुख्यमंत्री सैयद मुराद अली शाह ने कराची में भीषण गर्मी और अन्य कारणों से लोगों की मौत होने पर खेद व्यक्त किया और नागरिकों से केवल आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने का आग्रह किया।
भाषा अमित मनीषा
मनीषा

Facebook


