सैन फ्रांसिस्को से रवाना पोत पर सवार 125 लोग नोरोवायरस से संक्रमित हुए

Ads

सैन फ्रांसिस्को से रवाना पोत पर सवार 125 लोग नोरोवायरस से संक्रमित हुए

  •  
  • Publish Date - July 3, 2026 / 08:42 AM IST,
    Updated On - July 3, 2026 / 08:42 AM IST

सैन फ्रांसिस्को, तीन जुलाई (एपी) सैन फ्रांसिस्को में बृहस्पतिवार को पहुंचे ‘प्रिंसेस क्रूजेज’ कंपनी के एक पोत पर यात्रा के दौरान 120 से अधिक यात्री और चालक दल के सदस्य पेट संबंधी वायरस नोरोवायरस से संक्रमित हो गए। संघीय स्वास्थ्य अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अमेरिका के रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (सीडीसी) ने बताया कि ‘रूबी प्रिंसेस’ पोत सैन फ्रांसिस्को से कनाडा और अलास्का की 20 दिवसीय यात्रा पर था। इस दौरान 102 यात्री और चालक दल के 23 सदस्य नोरोवायरस से संक्रमित हो गए।

नोरोवायरस अत्यधिक संक्रामक होता है और विशेष रूप से भीड़भाड़ वाली जगहों पर दूषित सतहों और भोजन के जरिये फैलता है।

अधिकतर लोग कुछ समय बाद इस संक्रमण से मुक्त हो जाते हैं लेकिन पहले से किसी अन्य बीमारी से पीड़ित लोगों, छोटे बच्चों और 65 वर्ष या उससे अधिक उम्र के लोगों के लिए यह खतरनाक हो सकती है।

सीडीसी के अनुसार, इसके लक्षणों में अचानक उल्टी, दस्त और पेट दर्द होना शामिल है तथा ये लक्षण तीन दिन तक रह सकते हैं।

अधिकारियों ने बताया कि 12 जून को रवाना हुए ‘रूबी प्रिंसेस’ पोत पर संक्रमण फैलने की सूचना सीडीसी को शनिवार को दी गई थी।

सीडीसी ने बताया कि ‘रूबी प्रिंसेस’ में कुल 3,032 यात्री और चालक दल के 1,144 सदस्य सवार थे।

‘प्रिंसेस क्रूजेज’ ने एक बयान में कहा कि पोत के चालक दल ने स्थिति पर तत्काल कार्रवाई की और पूरे पोत में स्वच्छता के कड़े उपाय लागू किए।

कंपनी ने कहा कि बृहस्पतिवार को अगली यात्रा पर रवाना होने से पहले पोत की पूरी तरह सफाई की जाएगी और उसे संक्रमणमुक्त किया जाएगा। भाषा सिम्मी शोभना

शोभना