कीव, दो जून (एपी) रूस ने बीती रात यूक्रेन के कीव और दूसरे शहरों पर सैकड़ों ड्रोन व दर्जनों मिसाइलों से हमला किया, जिसमें कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और 100 से अधिक व्यक्ति घायल हो गए। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
हमलों के कारण कई लोग इमारतों के मलबे के नीचे दब गए।
अधिकारियों ने बताया कि बचाव दलों ने मध्य यूक्रेन के शहर ड्नीप्रो में दो बच्चों और एक महिला के शव बरामद किए।
रात के समय शुरू हुए हमले दिन में भी जारी रहे और कई शहरों में धमाकों की गूंज सुनाई देती रही।
रूस की ओर से बड़े हवाई हमले की चेतावनी दिए जाने और विदेशी राजनयिकों को यूक्रेन की राजधानी कीव छोड़ने की सलाह दिए जाने के बाद से शहर के निवासी कई दिन से चिंतित थे। हालांकि किसी भी राजनयिक ने इस चेतावनी पर ध्यान नहीं दिया।
हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा, “रूस के इस व्यापक हमले से स्पष्ट संदेश मिला है कि यदि यूक्रेन को बैलिस्टिक और अन्य मिसाइल हमलों से सुरक्षा नहीं दी गई, तो ये हमले जारी रहेंगे।”
उन्होंने अमेरिका और यूरोपीय देशों से अधिक समर्थन की अपील की।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के खिलाफ हवाई अभियान तेज कर दिया है। हाल ही में रूसी सेना ने चार साल से जारी युद्ध में तीसरी बार शक्तिशाली हाइपरसोनिक ओरेशनिक बैलिस्टिक मिसाइल का इस्तेमाल किया।
रूस की रणनीति यूक्रेन में अमेरिका निर्मित पैट्रियट मिसाइलों की कमी का फायदा उठाने की है। ईरान युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय भंडार भी कम हो गए हैं। इसकी वजह से रूसी बैलिस्टिक मिसाइल हमलों से लोगों का बचाव मुश्किल हो गया है, हालांकि यूक्रेनी वायु रक्षा प्रणाली अधिकांश ड्रोन हमलों को विफल कर रही है।
आपातकालीन सेवाओं के अनुसार राजधानी कीव में कम से कम 64 लोग घायल हुए हैं।
यूक्रेनी वायु सेना के अनुसार रूस ने पूरे यूक्रेन में 73 मिसाइलें और 656 ड्रोन दागे। मुख्य लक्ष्य कीव, मध्य यूक्रेन का ड्नीप्रो शहर और पूर्वी शहर पोल्टावा, खार्किव तथा जापोरिज्जिया थे। यूक्रेनी वायु रक्षा बलों ने 40 मिसाइलों और 602 ड्रोन को नष्ट या निष्क्रिय कर दिया।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सेना ने कीव, जापोरिज्जिया, खार्किव, ड्नीप्रोपेत्रोव्स्क, पोल्टावा, खमेल्नित्स्की और सूमी क्षेत्रों में सैन्य-औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर लंबी दूरी के सटीक हथियारों से “व्यापक” हमला किया।
पुतिन ने संकेत दिया कि रूस हमले नहीं रोकेगा। उन्होंने मंगलवार को कहा कि 22 मई को रूस के नियंत्रण वाले लुहान्स्क क्षेत्र के स्टारोबिल्स्क में एक कॉलेज छात्रावास पर यूक्रेन के ड्रोन हमले ने युद्ध को “पूरी तरह नया आयाम” दे दिया है। उस हमले में 21 लोग मारे गए थे।
यूक्रेन का कहना है कि उसने स्टारोबिल्स्क में रूसी ड्रोन पायलट प्रशिक्षण केंद्र को निशाना बनाया था।
एपी जोहेब अविनाश
अविनाश