इस्लामिक स्टेट से जुड़े ऑस्ट्रेलिया के 19 नागरिक सीरिया से लौटने को तैयार

Ads

इस्लामिक स्टेट से जुड़े ऑस्ट्रेलिया के 19 नागरिक सीरिया से लौटने को तैयार

  •  
  • Publish Date - May 26, 2026 / 11:22 AM IST,
    Updated On - May 26, 2026 / 11:22 AM IST

मेलबर्न, 26 मई (एपी) इस्लामिक स्टेट (आईएस) से जुड़े 19 ऑस्ट्रेलियाई नागरिकों का एक समूह सीरिया से वापस लौटने के लिए तैयार है, हालांकि उनमें से कुछ को आरोपों का सामना करना पड़ सकता है। ऑस्ट्रेलिया सरकार ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

इस समूह में सात महिलाएं और 12 बच्चे शामिल हैं, जिनके मंगलवार को सिडनी और मेलबर्न जाने वाली उड़ानों से आने की उम्मीद है। इससे पहले इसी तरह की स्थिति में फंसे 13 लोग ऑस्ट्रेलिया के इन दो सबसे बड़े शहरों में लौट चुके हैं।

इससे पहले वापस आईं चार महिलाओं में से तीन पर गुलामी और आतंकवाद से संबंधित अपराधों के आरोप लगाए गए थे और वे अभी भी जेल में हैं।

ऑस्ट्रेलिया के गृह मंत्री टोनी बर्क ने कहा कि देश लौटने वाले 19 लोगों में जो भी अपराध संबंधी गतिविधियों में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने एक बयान में कहा, “सरकार ने इस समूह को किसी भी तरह की सहायता नहीं दी है और न ही देगी।”

उन्होंने कहा, “इन लोगों ने एक खतरनाक आतंकवादी संगठन में शामिल होने और अपने बच्चों को एक असहनीय स्थिति में डालने का भयावह विकल्प चुना था।”

भाषा प्रचेता रंजन

रंजन

रंजन