ब्रिटेन में 23 वर्षीय युवक बना भारतीय मूल का सबसे युवा मेयर
ब्रिटेन में 23 वर्षीय युवक बना भारतीय मूल का सबसे युवा मेयर
(अदिति खन्ना)
लंदन, 18 मई (भाषा) पूर्वी इंग्लैंड की एक स्थानीय परिषद का प्रतिनिधित्व करने वाले 23 वर्षीय युवक ने ब्रिटेन में सबसे कम उम्र का भारतीय मूल का मेयर बनकर इतिहास रच दिया है।
किंग्स कॉलेज लंदन के राजनीति विज्ञान के पूर्व छात्र तुषार कुमार ने पिछले सप्ताह एक समारोह में एल्स्ट्री और बोरेहमवुड के मेयर का पदभार ग्रहण किया।
लेबर पार्टी के पार्षद कुमार 2023 में एल्स्ट्री और बोरेहमवुड नगर परिषद में शामिल हुए थे और पूर्व में उन्होंने उप महापौर के तौर पर सेवा दी है।
समारोह के बाद जारी एक बयान में कुमार ने कहा, ‘‘कल रात एल्स्ट्री और बोरेहमवुड के महापौर के रूप में आधिकारिक तौर पर पदभार ग्रहण करना मेरे लिए सम्मान की बात है और 23 वर्ष की आयु में, मैं ब्रिटेन के इतिहास में सबसे कम उम्र का भारतीय मूल का महापौर बना हूं।’’
कुमार का मानना है कि ‘‘वास्तविक परिवर्तन सामुदायिक स्तर पर शुरू होता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे स्वयंसेवा करना, समावेशी सामुदायिक कार्यक्रमों का आयोजन करना और सार्वजनिक सेवाओं तक पहुंच की पैरोकारी करना पसंद है।’’
भाषा सुभाष दिलीप
दिलीप

Facebook


