बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना के अभियान में 35 चरमपंथी ढेर, तीन शीर्ष कमांडर गिरफ्तार
बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना के अभियान में 35 चरमपंथी ढेर, तीन शीर्ष कमांडर गिरफ्तार
कराची, 18 मई (भाषा) पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने बलूचिस्तान के मंगला जरघून घर इलाके में खुफिया जानकारी पर आधारित एक अभियान के दौरान 35 चरमपंथियों को ढेर कर दिया और तीन शीर्ष कमांडरों को गिरफ्तार किया।
बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने रविवार रात क्वेटा में मीडिया को बताया कि 13 मई को शुरू हुए इस अभियान में पिछले चार दिनों में 35 चरमपंथी मारे गए हैं।
रिंद ने कहा, ‘‘यह अभियान प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान और बलूचिस्तान में उनके सहयोगी समूहों के खिलाफ है।’’
रिंद ने बताया कि पकड़े गए तीनों कमांडर ‘हाई-प्रोफाइल’ व्यक्ति हैं और यह अभियान प्रांत में पूर्व में पकड़े गए चरमपंथियों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर संचालित किया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘सुरक्षा बलों ने मंगला जरघून घर क्षेत्र में कई बेस कैंप भी नष्ट कर दिए।’’
उन्होंने बताया कि विश्वसनीय और कार्रवाई योग्य खुफिया जानकारी के आधार पर प्रांत में अतिरिक्त अभियान जारी हैं, जिनका उद्देश्य इन चरमपंथी तत्वों के आकाओं, और वित्तीय मदद पहुंचाने वालों को गिरफ्तार करना है।
पाकिस्तान सेना ने इस नवीनतम अभियान के संबंध में अब तक कोई बयान जारी नहीं किया है।
इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के अनुसार, पिछले बुधवार को बलूचिस्तान के बरखान जिले में चरमपंथियों के खिलाफ अभियान में एक मेजर सहित पांच सैनिक मारे गए थे, वहीं कम से कम सात चरमपंथियों को ढेर किया गया था।
भाषा शोभना सुरभि
सुरभि

Facebook


