उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान में सुरक्षा बलों की कार्रवाई में 60 आतंकवादी मारे गए

उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान में सुरक्षा बलों की कार्रवाई में 60 आतंकवादी मारे गए

उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान में सुरक्षा बलों की कार्रवाई में 60 आतंकवादी मारे गए
Modified Date: August 12, 2026 / 07:20 pm IST
Published Date: August 12, 2026 7:20 pm IST

पेशावर, 12 अगस्त (भाषा) उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के दो जिलों में पिछले 36 घंटों के दौरान खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए अभियान में 60 से अधिक आतंकवादी मारे गए। सुरक्षा अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, बुधवार को बन्नू जिले में कई खुफिया-आधारित अभियानों में 10 आतंकवादी मारे गए और 16 घायल हुए। वहीं, उत्तर वजीरिस्तान जिले में मंगलवार सुबह से शुरू किए गए अन्य अभियानों में 52 आतंकवादी मारे गए, जिनमें चार प्रमुख कमांडर भी शामिल हैं।

सुरक्षा बलों ने उत्तर वजीरिस्तान जिले में ‘फितना अल-ख्वारिज’ के आतंकवादियों के खिलाफ लक्षित कार्रवाई करने से पहले संदिग्ध ठिकानों पर लगातार निगरानी रखी।

फितना अल-ख्वारिज नाम का इस्तेमाल पाकिस्तान सरकार प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के लिए करती है।

सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि पेड़ों के पीछे छिपे आतंकवादियों का पता लगाने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया गया, जिससे सुरक्षा बलों को उन्हें सटीक रूप से निशाना बनाने में मदद मिली।

उन्होंने बताया कि इलाके से भागने की कोशिश कर रहे कई घायल आतंकवादियों को भी निशाना बनाया गया। मारे गए आतंकवादियों में फितना अल-ख्वारिज के चार प्रमुख कमांडर शामिल थे।

सुरक्षा बलों ने एक बयान में कहा कि अभियान के दौरान आतंकवादियों के कई ठिकाने नष्ट कर दिए गए, जबकि बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और अन्य सैन्य उपकरण भी बरामद किए गए।

बन्नू जिले में बुधवार को पहले चलाए गए खुफिया-आधारित अभियानों के दौरान अलग-अलग स्थानों पर छिपे आतंकवादियों को निशाना बनाने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया गया।

ये अभियान बन्नू में बढ़ी हुई सुरक्षा गतिविधियों के बीच चलाए गए। इससे एक दिन पहले मंगलवार को सुरक्षा बलों ने जानी खेल इलाके में अदनान क्रिकेट स्टेडियम के पास एक खुफिया-आधारित अभियान में दो आतंकवादियों को मार गिराया था।

पुलिस के अनुसार, आतंकवादी कथित तौर पर एक इस्लामिक मदरसे को अपने ठिकाने के रूप में इस्तेमाल कर रहे थे।

पुलिस ने बताया कि अभियान शुरू करने से पहले नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिसर को खाली करा लिया गया था। इसके बाद जब अंदर मौजूद आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू की, तो सुरक्षा बलों ने उन्हें निशाना बनाया।

पुलिस ने बताया कि बन्नू जिले में भी कई आतंकवादी ठिकाने नष्ट किए गए और बड़ी मात्रा में हथियार तथा गोला-बारूद बरामद किया गया।

सुरक्षा अधिकारियों ने दोहराया कि इलाके से आतंकवाद का पूरी तरह सफाया होने तक आतंकवादियों के खिलाफ अभियान बिना किसी रुकावट के जारी रहेगा।

भाषा गोला नरेश

नरेश


लेखक के बारे में