नोंथाबुरी (थाईलैंड), आठ अगस्त (एपी) बैंकॉक के बाहरी क्षेत्र में स्थित एक हाई स्कूल में शुक्रवार को एक छात्र ने गोलीबारी की, जिसमें कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि ऐसा लगता है कि उसने सुबह ही अपने घर पर अपने दादा-दादी की भी हत्या कर दी थी।
उन्होंने बताया कि 14 साल के छात्र ने स्कूल में अपनी जान दे दी।
उप गृह मंत्री पोलापी सुवंचवी ने बताया कि बैंकॉक के उत्तर-पश्चिम में स्थित नोंथाबुरी प्रांत के डेबसिरिन नोंथाबुरी स्कूल में सुबह लगभग 10 बजे हुई गोलीबारी में शिक्षकों और प्रशासक समेत स्कूल के पांच कर्मचारियों की मौत हो गई।
पोलापी ने बताया कि स्कूल में गोलीबारी से पहले, लड़के ने उस घर में अपने दादा-दादी की भी हत्या कर दी थी जहां वह उनके साथ रहता था।
स्कूल से लगभग पांच किलोमीटर दूर स्थित बांग्याई अस्पताल ने बताया कि 23 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 10 की हालत गंभीर है और ज्यादातर लोगों को गोली लगी है। इससे पहले घायलों और मृतकों की संख्या को लेकर अलग-अलग जानकारी मिल रही थी।
स्कूल का दौरा करने के बाद प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने उन खबरों की पुष्टि की कि हमलावर 14 साल का था और उसने खुदकुशी कर ली। उन्होंने कहा कि छात्र में स्कूल से जुड़े तनाव के लक्षण दिखे थे।
पुलिस ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल की गयी बंदूक कानूनी तौर पर उसके दादा के नाम पर पंजीकृत थी।
एपी प्रशांत देवेंद्र
देवेंद्र