अमेरिका के बेकर्सफील्ड में एक व्यक्ति ने कई लोगों को बंधक बनाया, पुलिस बातचीत में जुटी

अमेरिका के बेकर्सफील्ड में एक व्यक्ति ने कई लोगों को बंधक बनाया, पुलिस बातचीत में जुटी

अमेरिका के बेकर्सफील्ड में एक व्यक्ति ने कई लोगों को बंधक बनाया, पुलिस बातचीत में जुटी
Modified Date: June 3, 2026 / 12:34 pm IST
Published Date: June 3, 2026 12:34 pm IST

बेकर्सफील्ड (अमेरिका), तीन जून (भाषा) दक्षिणी कैलिफोर्निया के बेकर्सफील्ड शहर में एक इमारत के अंदर बंधक बनाए गए लोगों को छुड़ाने के लिए पुलिस एक व्यक्ति से बातचीत में जुटी है। इस इमारत में चेज़ बैंक की एक शाखा और स्कूल जिले का कार्यालय भी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

बेकर्सफील्ड पुलिस विभाग ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब एक बजे बम की धमकी की सूचना पर अधिकारी डाउनटाउन बेकर्सफील्ड स्थित चेज बैंक भवन पहुंचे, जहां पता चला कि एक व्यक्ति ने ‘‘कई स्थानीय लोगों’’ को अंदर बंधक बना लिया है।

पुलिस सार्जेंट एरिक सेलेडॉन ने बताया कि बातचीत के जरिए दो बंधकों को रिहा करा लिया गया है और बाकी लोग ठीक हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास जितने भी संसाधन हैं, सभी को यहां तैनात किया गया है ताकि इस स्थिति को जितना संभव हो सके सुरक्षित तरीके से सुलझाया जा सके।’’

अधिकारियों के अनुसार, सिटी हॉल और पुलिस मुख्यालय समेत आसपास की इमारतों को खाली कराया गया हैं। कुछ सड़कें अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं। इमारत और आसपास के व्यापारिक प्रतिष्ठानों के चारों ओर घेराबंदी कर दी गई है।

‘डैड्स गॉन लाइव’ नाम से मशहूर लाइवस्ट्रीमर जैकब डेविडसन बैंक से एक ब्लॉक दूर अपने परिवार की टैटू शॉप पर थे, तभी उनके सब्सक्राइबर्स ने बम की धमकी की सूचना देते हुए उन्हें फोन करना शुरू किया।

डेविडसन ने कहा, ‘‘मैं बैंक के पार्किंग गैराज में गया और पुलिस को बैंक के पिछले हिस्से से अंदर जाते देखा। इस शहर में मैंने इतनी बड़ी पुलिस तैनाती पहले कभी नहीं देखी। अब मैं देख रहा हूं कि वे हरे, लाल, पीले और काले टैग वाले ट्रॉमा टेंट लगा रहे हैं, और करीब एक ब्लॉक दूर कमांड सेंटर भी बना रहे हैं।’’

आपात स्थिति में जरूरत पड़ने पर इस्तेमाल के लिए कानून प्रवर्तन एजेंसियां अक्सर एहतियातन ट्रॉमा टेंट लगाती हैं। इन टेंटों में घायलों को चोट की गंभीरता के आधार पर अलग-अलग उपचार दिया जाता है।

बेकर्सफील्ड की मेयर कैरेन गोह ने कहा कि वह स्थिति पर करीबी नजर रख रही हैं।

उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘इस समय जनता सबसे अच्छी मदद यही कर सकती है कि इस इलाके से दूर रहे और कानून प्रवर्तन अधिकारियों, वार्ताकारों तथा अन्य प्रशिक्षित पेशेवरों को अपना काम सुरक्षित तरीके से करने दें।’’

एपी खारी रंजन

रंजन


लेखक के बारे में