विश्व आर्थिक मंच के प्रमुख बोर्गे ब्रेंडे ने पद से इस्तीफा दिया

Ads

विश्व आर्थिक मंच के प्रमुख बोर्गे ब्रेंडे ने पद से इस्तीफा दिया

  •  
  • Publish Date - February 26, 2026 / 09:42 PM IST,
    Updated On - February 26, 2026 / 09:42 PM IST

जेनेवा, 26 फरवरी (एपी) विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) के प्रमुख बोर्गे ब्रेंडे ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं। यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन के साथ अपने संपर्क को लेकर ब्रेंडे दबाव का सामना कर रहे थे।

नॉर्वे के पूर्व विदेश मंत्री ब्रेंडे ने एक बयान में कहा कि उन्होंने ‘गहन विचार-विमर्श के बाद’ मंच के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी के पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है। डब्ल्यूईएफ को स्विट्जरलैंड के अल्पाइन रिसॉर्ट दावोस में उसके वार्षिक जनवरी शिखर सम्मेलन के लिए जाना जाता है।

डब्ल्यूईएफ द्वारा जारी एक बयान में ब्रेंडे ने कहा, ‘‘मैं अपने सहयोगियों, साझेदारों और सदस्यों के साथ अविश्वसनीय सहयोग के लिए आभारी हूं और मेरा मानना ​​है कि अब फोरम के लिए बिना किसी बाधा के अपना महत्वपूर्ण काम जारी रखने का यह सही समय है।’’

ब्रेंडे 2013 से 2017 तक नॉर्वे के विदेश मंत्री थे और एपस्टीन फाइल के हालिया खुलासे के बाद जांच का सामना करने वाले नॉर्वे के कई प्रमुख लोगों में से एक हैं।

उन्होंने बृहस्पतिवार के बयान में उस विवाद का सीधे तौर पर उल्लेख नहीं किया, लेकिन डब्ल्यूईएफ ने इस महीने की शुरुआत में घोषणा की थी कि वह ब्रेंडे के एपस्टीन के साथ संबंधों का पता लगाने के लिए एक आंतरिक समीक्षा शुरू कर रहा है, क्योंकि फाइल से पता चला है कि दोनों ने कई बार एक साथ भोजन किया था और संदेशों का आदान-प्रदान किया था।

उस समय ब्रेंडे ने नॉर्वे के प्रसारक एनआरके को बताया था कि वह जांच में सहयोग कर रहे हैं। ब्रेंडे ने साथ ही यह भी कहा था कि उन्होंने एपस्टीन से केवल व्यावसायिक संदर्भों में मुलाकात की थीं और उन्हें एपस्टीन के आपराधिक पृष्ठभूमि के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।

एपी अमित माधव

माधव