ला ग्वायरा (वेनेजुएला), 29 जून (एपी) वेनेजुएला में पिछले हफ़्ते विध्वंसकारी भूकंप आने के बाद आम लोगों एवं बचावकर्मियों के बचाव एवं राहत कार्य में जुटे रहने के बीच सोमवार तड़के एक और तेज झटका महसूस किया गया।
अमेरिकी भूगर्भविज्ञान सर्वेक्षण के अनुसार स्थानीय समयानुसार सुबह सात बजकर एक मिनट पर भूकंप के बाद का झटका महसूस किया गया जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.6 थी।
उसने कहा कि वेनेजुएला के कैरिबियन तट पर काराबालेडा के उत्तर में लगभग 27 किलोमीटर की दूरी पर इसका केंद्र था।
हालांकि कोलंबिया के भूगर्भ विज्ञान सर्वे ने इसकी तीव्रता 5.1 बताई।
वेनेजुएला की नेशनल असेंबली के नेता जॉर्ज रोड्रिग्ज ने कहा कि इस भूकंप से और नुकसान की कोई खबर नहीं है, लेकिन इसके कारण राजधानी काराकस में लोग चीखते-चिल्लाते हुए सड़कों पर आ गए।
काराकस की चाकाओ नगरपालिका में अपने अपार्टमेंट से बाहर निकलीं 51 वर्षीय कॉन्सेप्सियन हर्नांडेज़ ने कहा, ‘‘हम फिर से सड़क पर आ गए हैं। पता नहीं हमें कब सच में शांति मिलेगी।’’
सोमवार के झटके ने बुरी तरह प्रभावित बंदरगाह शहर ला गुआइरा को भी हिलाकर रख दिया। वहां स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय बचाव टीम पांच दिन पहले उत्तरी राज्य में आए दोहरे भूकंप के बाद से ही तेज़ी से बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
सरकार के अनुसार भूकंप से 1,450 लोगों की जान गयी है। सरकार को वेनेजुएला के लोगों की बढ़ती आलोचना का भी सामना करना पड़ रहा है; लोगों का कहना है कि सरकार का राहत एवं बचाव अभियान नाकाफी है और ढही हुई इमारतों के नीचे दबे लोगों को बचाने के लिए आम नागरिकों की कोशिशें ज़्यादा असरदार रही हैं। हज़ारों लोग अब भी लापता हैं।
एपी राजकुमार नरेश
नरेश