ब्रिटेन के नए नेता के लिए डाउनिंग स्ट्रीट के अलावा मैनचेस्टर भी होगा सत्ता का एक केंद्र

ब्रिटेन के नए नेता के लिए डाउनिंग स्ट्रीट के अलावा मैनचेस्टर भी होगा सत्ता का एक केंद्र

ब्रिटेन के नए नेता के लिए डाउनिंग स्ट्रीट के अलावा मैनचेस्टर भी होगा सत्ता का एक केंद्र
Modified Date: August 1, 2026 / 06:23 pm IST
Published Date: August 1, 2026 6:23 pm IST

मैनचेस्टर, एक अगस्त (एपी) लंदन के 10 डाउनिंग स्ट्रीट स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय और आवास से लगभग 260 किलोमीटर दूर साधारण सा दिखने वाला आधुनिक कार्यालय खंड ब्रिटेन में सत्ता का एक और नया केंद्र बन गया है।

मैनचेस्टर स्थित यह साधारण इमारत ‘नंबर 10 नॉर्थ’ है। यह नए प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम की उस पहल का प्रमुख केंद्र है, जिसके जरिए वह ब्रिटेन को एक अलग और नए अंदाज़ का नेतृत्व देने का वादा कर रहे हैं।

राष्ट्रीय राजनीति में लौटने से पहले बर्नहैम ग्रेटर मैनचेस्टर के महापौर थे। प्रधानमंत्री बनने के बाद उनके आरंभिक कार्यों में से एक, इस शहर में कार्यालय खोलना रहा। यह स्थानीय नेताओं को ज़्यादा अधिकार देने और देश भर में आर्थिक विकास को फैलाने के उनके वादे का प्रतीक और इंजन, दोनों है।

बर्नहैम इसे लंदन की वेस्टमिंस्टर राजनीति के दक्षिणी ध्रुव को संतुलित करने वाला उत्तरी ध्रुव कहते हैं। आलोचकों ने इसे एक दिखावा कहा है।

यह निश्चित रूप से एक नयी बात है। हालांकि, पहले के ब्रिटिश नेता सप्ताहांत अपने स्थानीय चुनाव क्षेत्रों में या प्रधानमंत्री के आधिकारिक ‘चेकर्स’ कंट्री रिट्रीट में बिताते रहे हैं, लेकिन हाल के समय में किसी ने भी लंदन के बाहर इतने बड़े स्तर का कार्यालय नहीं बनाया है।

बर्नहैम की योजना है कि वह वहां हफ़्ते में कम से कम एक दिन काम करें। उनके साथ वहां सहायकों, विशेषज्ञों और सरकारी अधिकारियों की पूर्णकालिक टीम भी होगी।

बर्नहैम ने शुक्रवार को कहा, ‘‘यह कोई दूसरा कार्यालय नहीं है। यह देश में विकास और निवेश के बारे में सोचने के नजरिए में एक बुनियादी बदलाव है।’’

उनका मानना ​​है कि अपने पूर्ववर्ती केअर स्टार्मर जैसी हालत से बचने का रास्ता मैनचेस्टर से होकर ही गुज़रता है।

स्टार्मर ने गलतियों, नीतियों में अचानक बदलाव और ब्रिटेन की सुस्त अर्थव्यवस्था को गति देने में नाकाम रहने के बाद, दो साल तक पद पर रहने के बाद जुलाई में इस्तीफा दे दिया था।

एपी

राजकुमार नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में