वाशिंगटन, 19 अगस्त (भाषा) भारतीय मूल के अंतरिक्ष यात्री अनिल मेनन और उनकी फ्रांसीसी साथी सोफी एडेनॉट अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) का ‘स्पेस-टू-ग्राउंड’ एंटीना को बदलने का काम निर्धारित समय में पूरा नहीं कर सके। अब यह काम भविष्य में अंतरिक्ष की एक अन्य चहलकदमी के दौरान पूरा किया जाएगा।
छह घंटे 23 मिनट तक अंतरिक्ष में चहलकदमी के दौरान दोनों अंतरिक्ष यात्रियों ने खराब हो चुके एंटीना को सफलतापूर्वक हटाकर सुरक्षित स्थान पर रख दिया।
भारत में केरल से ताल्लुक रखने वाले मेनन के लिए यह अंतरिक्ष में चहकदमी का दूसरा मौका था। वहीं, यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी से जुड़ी सोफी इस अभियान के तहत अंतरिक्ष में चहलकदमी करने वाली पहली फ्रांसीसी महिला बन गईं।
अंतरिक्ष यात्रियों को दो काम करने थे- खराब एंटीना को हटाना और उसकी जगह नया एंटीना लगाना। हालांकि, पावर और डेटा कनेक्टर को निकालने, एंटीना के जिम्बल असेंबली में लॉकिंग पिन लगाने और उसे उसके बूम से अलग करने में अपेक्षा से अधिक समय लग गया।
एंटीना को उसके बूम से हटाते समय अंतरिक्ष यात्रियों को ‘रैचेट रिंच’ से अतिरिक्त प्रयास करते हुए देखा गया।
मिशन कंट्रोल ने फैसला किया कि अंतरिक्ष यात्रियों के पास खराब एंटीना को उसके स्थायी भंडारण स्थान तक ले जाने या नया एंटीना निकालकर उसे स्थापित करने के लिए पर्याप्त समय नहीं बचा है।
नासा ने एक बयान में कहा, ‘‘इसे स्थापित करने का काम भविष्य में होने वाली चहलकदमी के दौरान पूरा किए जाने की उम्मीद है।’’
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी ने बताया कि चहलकदमी के अंत में चालक दल ने सफाई से जुड़े कुछ कार्य किए तथा आईएसएस के क्वेस्ट एयरलॉक के पास लगे ‘पोर्टेबल फुट रेस्ट्रेंट’ (पैरों को स्थिर रखने वाला पोर्टेबल सहारा) का निरीक्षण और उसे बदलने का काम भी किया।
अंतरिक्ष में चहलकदमी समाप्त होने पर मेनन ने कहा, ‘‘हम इस सोच के साथ इस मिशन में शामिल हुए थे कि सब कुछ पूरी तरह सही तरीके से हो।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हालात हमारी उम्मीद से काफी अलग थे, लेकिन जिस बात से मैं वास्तव में प्रभावित हूं, वह यह है कि इन सभी संभावित परिस्थितियों के लिए पहले से अच्छी तरह योजना बनाई गई थी।’’
‘स्पेस टू ग्राउंड’ एंटीना अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के लिए एक महत्वपूर्ण संपर्क माध्यम है, जिसके जरिये डेटा भेजा जाता है। इससे ह्यूस्टन स्थित मिशन नियंत्रण केंद्र और अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के बीच तेज गति से संचार संभव हो पाता है।
फिलहाल अंतरिक्ष स्टेशन पूरी तरह कार्यशील एक अन्य ‘स्पेस-टू-ग्राउंड’ एंटीना के जरिए काम कर रहा है। यह एंटीना नासा के निगरानी डेटा एवं रिले उपग्रहों और दुनिया भर के नियंत्रण केंद्रों के साथ उच्च गति से डेटा संचार उपलबध कराता है, जिसमें ह्यूस्टन स्थित एजेंसी का मिशन नियंत्रण केंद्र भी शामिल है।
यह अंतरिक्ष स्टेशन के निर्माण, रखरखाव और उन्नयन के लिए की गई 282वीं चहलकदमी थी।
इस महीने की शुरुआत में मेनन और नासा की अंतरिक्ष यात्री जेसिका मीर ने स्टेशन के बाहर छह घंटे 27 मिनट बिताए थे। इस दौरान उन्होंने भविष्य में एक अन्य ‘रोल-आउट’ सौर पैनलों की स्थापना के लिए स्टेशन की विद्युत प्रणाली के एक हिस्से को तैयार किया था।
यह काम अंतरिक्ष स्टेशन को लगातार मानव उपस्थिति के तीसरे दशक में भी सुचारू रूप से संचालित रखने के लिए किए जा रहे जरूरी रखरखाव कार्यों का हिस्सा है।
बुधवार को हुई चहलकदमी पहले 13 अगस्त के लिए निर्धारित थी, लेकिन इसे टालना पड़ा था। यह फैसला छह अगस्त की चहलकदमी के बाद मेनन के स्पेससूट में लगे कार्बन डाइऑक्साइड सेंसर से ‘‘अप्रत्याशित डेटा रीडिंग’’ मिलने के बाद लिया गया था।
इस मिशन से जुड़े लोग अब आगे की योजना पर चर्चा करेंगे। एंटीना की स्थापना सहित बाकी काम अगली चहलकदमी में पूरा करने की योजना है, जो फिलहाल 25 अगस्त के लिए निर्धारित है।
भाषा गोला मनीषा
मनीषा