पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में वर्षा जनित घटनाओं में 12 लोगों की मौत
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में वर्षा जनित घटनाओं में 12 लोगों की मौत
पेशावर, 21 जुलाई (भाषा) पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिम खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में भारी मानसूनी बारिश और अचानक आई बाढ़ से जुड़े विभिन्न हादसों में पांच बच्चे समेत कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और 18 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (पीडीएमए) की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मकानों की छतें और दीवारें ढहने तथा अचानक आई बाढ़ में लोगों के बह जाने के कारण ये मौतें हुईं।
विभिन्न हादसों में छह पुरुष, पांच बच्चों और एक महिला की मौत हो गई। वहीं, आठ पुरुष, दो महिलाएं और आठ बच्चे घायल हो गए।
पेशावर, खैबर, मरदान, बुनेर, बाजौर, निचले चित्राल, एबटाबाद, मानसेहरा, तोरघर और कुर्रम जिलों से इस तरह की घटनाएं सामने आईं।
पीडीएमए के अनुसार, भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ से कुल 14 मकान क्षतिग्रस्त हुए। इनमें से एक मकान पूरी तरह नष्ट हो गया जबकि बाकी मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा।
पीडीएमए, बचाव 1122, जिला प्रशासन और अन्य संबंधित विभाग राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं।
पीडीएमए के महानिदेशक ने जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि वे प्रभावित परिवारों को तुरंत राहत सामग्री पहुंचाना सुनिश्चित करें।
रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रांत की सभी प्रमुख नदियों, नालों और अन्य जलमार्गों में जलस्तर तथा जलप्रवाह सामान्य स्तर पर बना हुआ है।
पाकिस्तान मौसम विभाग ने 25 जुलाई तक पूरे प्रांत में रुक-रुक कर भारी बारिश का अनुमान जताया है।
पीडीएमए ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, जोखिम वाले पर्यटन स्थलों से दूर रहने और नदियों, नालों एवं जलमार्गों में जाने से बचने की अपील की है।
नागरिकों को मौसम संबंधी आधिकारिक चेतावनी और सुरक्षा परामर्श का पालन करने की भी सलाह दी गई। अधिकारियों ने कहा कि सभी जिला प्रशासनों को पहले ही हाई अलर्ट पर रखा गया है।
भाषा सुरभि आशीष
आशीष

Facebook


