पाकिस्तान के बलूचिस्तान में रेलवे पटरी के पास हुए विस्फोट में 20 लोग घायल

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में रेलवे पटरी के पास हुए विस्फोट में 20 लोग घायल

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में रेलवे पटरी के पास हुए विस्फोट में 20 लोग घायल
Modified Date: May 24, 2026 / 01:49 pm IST
Published Date: May 24, 2026 1:49 pm IST

कराची, 24 मई (भाषा) पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में रविवार को रेलवे पटरी पर हुए एक शक्तिशाली विस्फोट में कम से कम 20 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि विस्फोट में एक ट्रेन को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा, जबकि इलाके में खड़ी 10 गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। ‘जियो न्यूज’ के अनुसार, विस्फोट के प्रभाव से आसपास की इमारतों की खिड़कियां और कांच के ढांचे चकनाचूर हो गए।

विस्फोट रविवार को क्वेटा के चमन फाटक रेलवे स्टेशन के पास हुआ।

बचाव अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट में कम से कम 20 लोग घायल हुए।

सरकारी समाचार एजेंसी ‘एसोसिएटेड प्रेस ऑफ पाकिस्तान’ (एपीपी) के अनुसार, विस्फोट से इंजन समेत तीन डिब्बे पटरी से उतर गए, जबकि दो डिब्बे पलट गए।

घटना के बाद क्वेटा के सरकारी अस्पतालों में आपातकाल घोषित कर दिया गया और स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सकों और अन्य कर्मचारियों को बुलाया गया।

‘जियो न्यूज’ के अनुसार, रेलवे अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट के बाद एहतियात के तौर पर पेशावर जाने वाली जाफर एक्सप्रेस को क्वेटा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया था।

रेलवे मंत्री हनीफ अब्बासी ने इस हमले की निंदा करते हुए इसे आतंकवाद का कायरतापूर्ण कृत्य बताया और कहा कि इससे चरमपंथियों के खिलाफ देश का संकल्प कमजोर नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि शत्रुतापूर्ण ताकतें पाकिस्तान में अशांति और भय फैलाने के उद्देश्य से दुर्भावनापूर्ण गतिविधियों में शामिल हैं।

मंत्री ने आतंकवादियों को ‘‘मानवता का दुश्मन’’ बताया।

गृह मंत्री के प्रवक्ता बाबर यूसुफजई ने बताया कि शहर में हुए विस्फोट के बाद सभी संबंधित संस्थानों को ‘हाई अलर्ट’ पर रखा गया है।

उन्होंने लोगों से विस्फोट स्थल के पास इकट्ठा नहीं होने का आग्रह किया ताकि सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और आपातकालीन टीम बिना किसी बाधा के बचाव कार्य कर सकें।

भाषा

सुरभि सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में