सोल, 20 मार्च (एपी) दक्षिण कोरिया के मध्य शहर डेजॉन में एक कलपुर्जों की फैक्ट्री में शुक्रवार को लगी आग में कम से कम 53 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका जतायी है।
शहर के डेडेओक जिले के अग्निशमन प्रमुख नाम ड्यूक-वू ने कहा कि उन लोगों में से 24 गंभीर रूप से घायल हो गए और अधिकारी कम से कम 14 अन्य लोगों की तलाश कर रहे हैं जिनके बारे में माना जाता है कि आग लगने के समय वे सुविधा केंद्र के अंदर मौजूद थे।
अधिकारियों ने तत्काल इस बात की पुष्टि नहीं की कि घायलों में से किसी की हालत गंभीर है या नहीं।
घटनास्थल से मिले वीडियो में परिसर से घना धुआं उठता हुआ दिखाई दे रहा था।
आग लगने की सूचना दोपहर करीब एक बज कर 17 मिनट पर मिली। नाम ने कहा कि आग लगने का कारण तुरंत पता नहीं चल पाया है लेकिन आग तेजी से फैलती हुई प्रतीत हुई और प्रत्यक्षदर्शियों ने कथित तौर पर एक विस्फोट की आवाज सुनी।
उन्होंने बताया कि आग ने एक कारखाने की इमारत को पूरी तरह नष्ट कर दिया, जिसमें दमकलकर्मी इमारत के ढहने के खतरे के कारण प्रवेश नहीं कर पाए। आग को पास की एक अन्य इमारत में फैलने से रोकने और घटनास्थल से रसायनों को हटाने पर ध्यान केंद्रित किया गया।
नाम ने बताया कि भागने की कोशिश में इमारत से कूदने के दौरान कुछ लोग घायल हो गए जबकि अन्य धुएं के कारण सांस लेने में तकलीफ से पीड़ित थे।
पुलिस अभी भी लापता 14 लोगों के मोबाइल फोन सिग्नल ट्रैक कर रही है।
250 से अधिक दमकलकर्मी, पुलिस और अन्य आपातकालीन कर्मियों को लगभग 100 वाहनों और उपकरणों के साथ तैनात किया गया था।
राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने आग पर काबू पाने और बचाव कार्यों में सहायता के लिए कर्मियों और उपकरणों की पूर्ण तैनाती का आह्वान किया।
भाषा तान्या नरेश
नरेश