अंतरिक्ष यात्री अनिल मेनन अगले हफ़्ते अंतरिक्ष में करेंगे चहल-कदमी

Ads

अंतरिक्ष यात्री अनिल मेनन अगले हफ़्ते अंतरिक्ष में करेंगे चहल-कदमी

  •  
  • Publish Date - July 27, 2026 / 11:00 PM IST,
    Updated On - July 27, 2026 / 11:00 PM IST

(सागर कुलकर्णी)

वाशिंगटन, 27 जुलाई (भाषा) भारतीय मूल के अंतरिक्ष यात्री अनिल मेनन अगले सप्ताह पहली बार अंतरिक्ष में चहल-कदमी (स्पेस वॉक) करेंगे। इस दौरान वे अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) से बाहर निकलकर सोलर एरे के उन्नयन, संचार एंटीना बदलने तथा कक्षीय प्रयोगशाला के संचालन को समर्थन देने के लिए नए डेटा और पावर केबल लगाने का कार्य करेंगे।

केरल के पलक्कड़ से संबंध रखने वाले मेनन छह अगस्त से अंतरिक्ष यात्री जेसिका मीर के साथ तीन बार अंतरिक्ष में चहल-कदमी करेंगे। नासा ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि इसके जरिए इस वर्ष के अंत में अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन रोल-आउट सोलर एरे (आईआरओएसए) की स्थापना की तैयारी की जाएगी।

आईआरओएसए अतिरिक्त बिजली उपलब्ध कराएगा, जिससे अंतरिक्ष स्टेशन के महत्वपूर्ण संचालन, विशेष रूप से उसके सुरक्षित और नियंत्रित डी-ऑर्बिट (कक्षा से बाहर लाने) की प्रक्रिया को मदद मिलेगी।

ये स्पेस वॉक छह अगस्त, 13 अगस्त और 25 अगस्त को निर्धारित हैं।

मेनन ने कहा, “अंतरिक्ष से स्टारबेस का हमारा दृश्य! सफलता के लिए शुभकामनाएं भेजिए।”

भारतीय मूल के पिता और यूक्रेनी मूल की मां के यहां मिनियापोलिस में जन्मे नासा के अंतरिक्ष यात्री अनिल मेनन 14 जुलाई को सोयुज एमएस-29 अंतरिक्ष यान के जरिए अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचे थे।

वे लगभग आठ महीने तक अंतरिक्ष स्टेशन पर रहेंगे, जहां वे वैज्ञानिक प्रयोगों, नई प्रौद्योगिकी के प्रदर्शन और स्टेशन के संचालन से जुड़े कार्यों में भाग लेंगे।

भाषा

राखी प्रशांत

प्रशांत