अमेरिका: लॉस एंजिलिस में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से कम से कम तीन लोगों की मौत

Ads

अमेरिका: लॉस एंजिलिस में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से कम से कम तीन लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - September 16, 2026 / 10:26 AM IST,
    Updated On - September 16, 2026 / 10:26 AM IST

लॉस एंजिलिस, 16 सितंबर (एपी) अमेरिका स्थित लॉस एंजिलिस के एक इलाके में मंगलवार को एक हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा उस स्थान के पास हुआ जहां एक एसयूवी ने सिटी बस को टक्कर मार दी थी।

लॉस एंजिलिस अग्निशमन विभाग के अनुसार, यह हादसा सैन फर्नांडो वैली के चैट्सवर्थ इलाके में शाम करीब सात बजे एक व्यावसायिक इमारत के पास हुआ। उस समय समाचार चैनल की टीम बस दुर्घटना की कवरेज कर रही थी, जिसमें कम से कम दो लोगों की मौत हो गई थी और छह अन्य घायल हो गए थे।

स्थानीय चैनल ‘एनबीसी4 लॉस एंजिलिस’ के एक एंकर ने सीधे प्रसारण के दौरान पुष्टि की कि उनका हेलीकॉप्टर शाम सात बजे से ठीक पहले दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

लॉस एंजिलिस अग्निशमन विभाग के प्रवक्ता कैप्टन ब्रांडेन सिल्वरमैन ने संवाददाताओं को बताया कि हेलीकॉप्टर हादसे में मारे गए एक व्यक्ति के व्यावसायिक इमारत के निकट पार्किंग स्थल में मौजूद होने की पुष्टि हुई है। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मारे गए अन्य दो लोग जमीन पर थे या विमान में सवार थे।

एक व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया है, लेकिन उसकी स्थिति के बारे में तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी है।

सिल्वरमैन ने कहा, ‘‘हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि हेलीकॉप्टर के भीतर कितने लोग सवार थे।’’

उन्होंने बताया कि हेलीकॉप्टर ‘‘पूरी तरह खाक’’ हो चुका है और मलबे की जांच के बाद ही हताहतों की संख्या का पता चल सकेगा।

अधिकारियों के अनुसार, हेलीकॉप्टर में आग लगने के बाद जमीन पर खड़ी कम से कम चार कारें और दो कंटेनर भी जल गए। आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया।

हेलीकॉप्टर हादसे से करीब दो घंटे पहले, एक एसयूवी ने सिटी बस को जोरदार टक्कर मार दी थी, जिसमें कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए।

हेलीकॉप्टर बस दुर्घटना वाले स्थान से लगभग ढाई किलोमीटर की दूरी पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ।

राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड और संघीय नागर विमानन प्रशासन ने कहा है कि वे हेलीकॉप्टर दुर्घटना के कारणों की जांच करेंगे।

एपी खारी वैभव

वैभव