पाकिस्तान में पोलियो टीम पर हमला, एक पुलिसकर्मी की मौत

पाकिस्तान में पोलियो टीम पर हमला, एक पुलिसकर्मी की मौत

पाकिस्तान में पोलियो टीम पर हमला, एक पुलिसकर्मी की मौत
Modified Date: April 15, 2026 / 09:46 pm IST
Published Date: April 15, 2026 9:46 pm IST

पेशावर, 15 अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान के बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पोलियो टीकाकरण टीमों पर हुए अलग-अलग हमलों में एक पुलिस कांस्टेबल की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि दूसरा घायल हो गया।

बलूचिस्तान में, नासिराबाद जिले के डेरा मुराद जमाली इलाके में अज्ञात हथियारबंद लोगों ने पोलियो टीम पर गोलीबारी की, जिसमें एक कांस्टेबल की मौत हो गई।

क्वेटा के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी आसिफ खानजादा ने बताया कि महिला कर्मचारियों सहित सुरक्षाकर्मियों का दल दोपहर के भोजन के लिए एक छायादार जगह पर रुका था, तभी तीन मोटरसाइकिलों पर सवार हमलावरों ने सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाया।

उन्होंने बताया, ‘तीन मोटरसाइकिलों पर सवार हथियारबंद लोगों ने पोलियो टीकाकरण दल की सुरक्षा के लिए तैनात पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी की।’

अधिकारी ने बताया कि इस हमले में कांस्टेबल फरहान बशीर मारे गए और हमलावर भागने में सफल रहे।

अभी तक किसी भी समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

इस घटना के बावजूद, नासिराबाद के उपायुक्त जुल्फिकार अली कर्रार ने कहा कि सरकार द्वारा इस सप्ताह शुरू किए गए राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत जिले में पोलियो रोधी अभियान जारी रहेगा, जिसका उद्देश्य पांच वर्ष से कम आयु के लगभग चार करोड़ बच्चों का टीकाकरण करना है।

खैबर पख्तूनख्वा में एक अलग घटना में, हांगू जिले के समाना रोड पर एक सशस्त्र हमलावर ने कांस्टेबल के दल पर गोलीबारी की, जिसमें मोहम्मद अनस नामक कांस्टेबल के पैर में गोली लगी।

अनस को इलाज के लिए पास के अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस ने बताया कि हमले में शामिल संदिग्ध को घटना के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया गया।

यह घटना सोमवार को प्रांत में पोलियो टीकाकरण दल की सुरक्षा के लिए तैनात सुरक्षा दस्ते पर अज्ञात आतंकवादियों द्वारा की गई गोलीबारी के दो दिन बाद हुई है।

गोलीबारी की उस घटना में एक पुलिस कांस्टेबल की मौत हो गई और चार अन्य कर्मी घायल हो गए।

घटना हांगू जिले के थल पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में आने वाले चापरी वज़ीरान इलाके में प्रांतव्यापी पोलियो रोधी अभियान के पहले दिन हुई थी।

पुलिस ने बुधवार को बताया कि एक संबंधित घटना में, संदिग्ध आतंकवादियों ने खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू जिले में पोलियो टीम के तीन कर्मचारियों का अपहरण कर लिया।

पुलिस के अनुसार, यह घटना झंडोखेल इलाके में हुई, जहां अज्ञात लोगों ने पोलियो टीकाकरण दल के तीन सदस्यों का अपहरण कर लिया।

ये कार्यकर्ता नियमित टीकाकरण करने गए थे।

पुलिस और सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया और अपहृत कार्यकर्ताओं को मुक्त कराने और अपराधियों का पता लगाने के लिए तलाश अभियान शुरू किया।

किसी भी समूह ने अपहरण की फिलहाल जिम्मेदारी नहीं ली है।

प्रांत भर में चार दिवसीय पोलियो रोधी अभियान के तहत 35,000 से अधिक टीकाकरण टीमों की सुरक्षा के लिए लगभग 50,000 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।

तेरह से 16 अप्रैल तक चलाये जा रहे इस अभियान का उद्देश्य पेशावर सहित प्रांत के सभी जिलों में लगभग 65 लाख बच्चों को पोलियो वायरस से बचाव के लिए टीका लगाना है।

भाषा

राखी राखी नरेश

नरेश


लेखक के बारे में