ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री ने भारत की आर्थिक प्रगति को सराहा, मोदी की पुन: मेजबानी करने की आशा जताई
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री ने भारत की आर्थिक प्रगति को सराहा, मोदी की पुन: मेजबानी करने की आशा जताई
कैनबरा, 28 मई (भाषा) ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की फिर से मेजबानी करने की उम्मीद जताई और भारत के बढ़ते आर्थिक महत्व को हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए एक ‘असाधारण अवसर’ करार दिया।
अल्बनीज ने कैनबरा में संसद को संबोधित करते हुए कहा कि दुनिया में सबसे अधिक आबादी वाला देश भारत इस दशक में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है।
उन्होंने कहा, “यह हमारे क्षेत्र के लिए एक असाधारण अवसर है। हम प्रशांत महासागर का हिस्सा होने के साथ-साथ हिंद महासागर का भी हिस्सा हैं।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2022 में हस्ताक्षरित आर्थिक सहयोग और व्यापार समझौते ने दोनों देशों (भारत और ऑस्ट्रेलिया) के बीच व्यापारिक संबंधों को मजबूत किया है और संस्कृति, शिक्षा व क्रिकेट के माध्यम से दोनों देश करीब आए हैं।
अल्बनीज ने याद किया कि उन्होंने पहली बार 1991 में एक ‘बैकपैकर’ (घुमक्कड़) के रूप में भारत की यात्रा की थी और तब से प्रधानमंत्री के रूप में दो बार भारत का दौरा कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि भारत को समझने का सबसे अच्छा तरीका बस या ट्रेन से यात्रा करना है।
प्रधानमंत्री ने कहा, “भारत की गर्मजोशी को प्रत्यक्ष रूप से देखना एक अद्भुत अनुभव है। अब, इसी तरह, मुझे जल्द ही प्रधानमंत्री मोदी की मेजबानी करने का सौभाग्य प्राप्त होगा, एक ऐसा सौभाग्य जिसे मैं दूसरी बार दोहराने के लिए उत्सुक हूं।”
उन्होंने कहा कि यह यात्रा “असाधारण” होगी क्योंकि दस लाख से अधिक भारतीय मूल के लोगों का समुदाय इसकी मेजबानी करेगा।
ऑस्ट्रेलिया में सबसे तेजी से बढ़ता आप्रवासी समुदाय भारत से है।
मोदी ने आखिरी बार मई 2023 में ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था।
अल्बनीज ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में भारतीय समुदाय ने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया है और अनगिनत छोटे व्यवसायों को लाभ पहुंचाया है।
उन्होंने कहा, “आपकी (भारतीय समुदाय) वजह से हमारा देश बेहतर है। मेरी सरकार हमेशा आपके और आपके हितों के लिए खड़ी रहेगी। हम विभाजन के किसी भी प्रयास को अस्वीकार करेंगे।”
अल्बनीज के संसद में दिए गए संबोधन का वीडियो ऑस्ट्रेलिया के भारत में उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने सोशल मीडिया पर साझा किया और कहा कि भारत के साथ उनके प्रधानमंत्री के गर्मजोशी भरे संबंधों ने उनके काम को ‘‘अत्यधिक सार्थक’’ बना दिया है।
इस सप्ताह के शुरू में प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग से मुलाकात की थी और भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने पर चर्चा की थी।
वोंग ‘क्वाड’ देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए भारत आई थीं। अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ नयी दिल्ली में 17वें विदेश मंत्री स्तरीय फ्रेमवर्क संवाद में भी हिस्सा लिया।
भाषा जितेंद्र मनीषा
मनीषा

Facebook


