ढाका, सात जून (भाषा) बांग्लादेश और तुर्किये ने द्विपक्षीय राजनीतिक सहयोग मजबूत बनाने के लिए रक्षा और विदेश मामलों पर मंत्रिस्तरीय संयुक्त समिति के गठन पर सहमति जताई है।
इस निर्णय की घोषणा शनिवार को प्रधानमंत्री तारिक रहमान और तुर्किये के विदेश मंत्री हाकान फिदान के बीच हुई बैठक के बाद की गई। फिदान तीन-दिवसीय यात्रा पर ढाका पहुंचे हैं।
सरकारी समाचार एजेंसी ‘बीएसएस’ के अनुसार, दोनों देशों ने आपसी संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए रक्षा और विदेश मामलों पर संयुक्त मंत्रिस्तरीय समिति बनाने का फैसला किया है।
बैठक में यह भी तय किया गया कि सामरिक संबंधों को प्रगाढ़ बनाने के लिए दोनों देशों के विदेश और रक्षा मंत्रियों के बीच हर वर्ष नियमित परामर्श बैठकें आयोजित की जाएंगी।
फिदान ने कहा कि उनकी यह यात्रा बांग्लादेश-तुर्किये संबंधों को ‘रणनीतिक स्तर’ तक ले जाने की दिशा में पहला कदम है। उन्होंने इस दौरान तुर्किये के राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोआन की शुभकामनाएं भी रहमान तक पहुंचाईं।
प्रधानमंत्री और फिदान के बीच बातचीत के दौरान रोहिंग्या संकट, जलवायु परिवर्तन, व्यापार और निवेश, संयुक्त उत्पादन एवं सहयोग तथा क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय महत्व के विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
रहमान ने तुर्किये द्वारा बांग्लादेश को दिए जा रहे निरंतर समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने विशेष रूप से संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र की अध्यक्षता के लिए बांग्लादेशी उम्मीदवार के समर्थन की सराहना की।
रहमान ने राष्ट्रपति अर्दोआन को निकट भविष्य में सुविधाजनक समय पर बांग्लादेश आने का निमंत्रण भी दिया।
इससे पहले शुक्रवार को तुर्किये के विदेश मंत्री ने अपने बांग्लादेशी समकक्ष खलील उर्रहमान के साथ द्विपक्षीय बैठक की।
इसके बाद उन्होंने दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र कॉक्स बाजार का दौरा करके वहां स्थित रोहिंग्या शरणार्थी शिविरों का भी निरीक्षण किया।
फिदान पूर्वी और दक्षिण एशिया के कई देशों के आधिकारिक दौरों के तहत बृहस्पतिवार रात ढाका पहुंचे थे।
भाषा जोहेब सुरेश
सुरेश