लंदन, सात जून (एपी) इंग्लैंड ने रविवार को लॉर्ड्स में पहले क्रिकेट टेस्ट के चौथे दिन लंच से पहले न्यूजीलैंड पर 115 रन से जीत हासिल की जो ऑस्ट्रेलिया में एशेज में मिली निराशाजनक हार के बाद टीम के लिए नयी और सकारात्मक शुरुआत है।
न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में पांच विकेट पर 55 रन से खेलना शुरू किया और उसे जीत के लिए 254 रन चाहिए थे।
न्यूजीलैंड ने खेल के पहले दो घंटे के अंदर अपने बाकी पांच विकेट गंवा दिए और पूरी टीम 138 रन पर आउट हो गई।
इंग्लैंड के तेज गेंदबाज गस एटकिंसन ने सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करते हुए 30 रन देकर पांच विकेट झटके। गेंदबाजों की मुफीद पिच पर 24 बल्लेबाज बोल्ड हुए या पगबाधा आउट हुए। स्पिनरों को मैच में एक भी गेंद नहीं मिली।
ग्लेन फिलिप्स न्यूजीलैंड के शीर्ष स्कोरर रहे जिन्होंने नाबाद 44 रन बनाए।
इंग्लैंड ने पहली पारी में 140 और दूसरी पारी में 226 रन बनाए। न्यूजीलैंड की पहली पारी 113 रन पर सिमट गई।
एशेज दौरे पर ऑस्ट्रेलिया से 1-4 से मिली हार के बाद गर्मियों की इस पहली टेस्ट सीरीज को इंग्लैंड के लिए एक नयी शुरुआत माना जा रहा है।
कप्तान बेन स्टोक्स की टीम के लिए टेस्ट पदार्पण करने वाले सलामी बल्लेबाज एमिलियो गे दोनों टीमों में 57 रन की सर्वश्रेष्ठ पारी खेलने वाले खिलाड़ी रहे। वहीं 2024 के बाद पहली बार टीम में शामिल हुए ओली रोबिन्सन ने मैच में सात विकेट (39 रन देकर पांच विकेट और 38 रन देकर दो विकेट) चटकाए।
तीन मैचों की श्रृंखला का दूसरा टेस्ट 17 जून से लंदन के ‘द ओवल’ में शुरू होगा।
एपी नमिता आनन्द
आनन्द