बांग्लादेश की नयी कैबिनेट को अगले चार दिनों में शपथ दिलाये जाने की संभावना: अधिकारी

Ads

बांग्लादेश की नयी कैबिनेट को अगले चार दिनों में शपथ दिलाये जाने की संभावना: अधिकारी

  •  
  • Publish Date - February 14, 2026 / 09:49 PM IST,
    Updated On - February 14, 2026 / 09:49 PM IST

ढाका, 14 फरवरी (भाषा) बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन द्वारा अगले चार दिनों के भीतर बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान के नये मंत्रिमंडल को शपथ दिलाये जाने की संभावना है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

रहमान की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने बृहस्पतिवार को हुए ऐतिहासिक संसदीय चुनावों में दो-तिहाई से अधिक बहुमत के साथ शानदार जीत हासिल की।

बीएनपी नेता अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस की जगह प्रधानमंत्री बनने वाले हैं।

कैबिनेट सचिव शेख अब्दुर राशिद ने शपथ ग्रहण समारोह की कोई विशिष्ट तिथि बताए बिना कहा, ‘‘संविधान के अनुसार, राष्ट्रपति बंगभवन (राष्ट्रपति भवन) में शपथ दिलाएंगे।’’

बीएनपी के एक वरिष्ठ नेता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि शपथ ग्रहण समारोह 16 या 17 फरवरी को होने की उम्मीद है।

संविधान के अनुसार मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह के बाद नये संसद सदस्यों का शपथ ग्रहण होना अनिवार्य है, जबकि रहमान के एक प्रमुख सहयोगी ने कहा कि मौजूदा कानूनी परिदृश्य ने इस मुद्दे को थोड़ा जटिल बना दिया है।

उन्होंने कहा, “पिछली संसद की अध्यक्ष को सांसदों को पद की शपथ दिलानी थी, लेकिन उन्होंने इस्तीफा दे दिया है और एक अज्ञात स्थान पर रह रही हैं। उपाध्यक्ष जेल में हैं।”

उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में, राष्ट्रपति सांसदों को शपथ दिलाने के कार्यक्रम का संचालन करने के लिए किसी व्यक्ति को चुन सकते हैं क्योंकि ‘‘संविधान में ऐसी स्थिति के लिए प्रावधान रखा गया है’’।

इस बीच, कैबिनेट सचिव ने कहा कि संविधान के अनुसार, निर्वाचित सांसदों को राजपत्र अधिसूचना जारी होने के तीन दिन के भीतर शपथ लेनी होगी और उसके बाद बहुमत वाली पार्टी अपने संसदीय नेता का चुनाव करेगी।

राजपत्र अधिसूचना शनिवार सुबह जारी की गई थी।

मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण की संभावित तिथि के बारे में पूछे जाने पर राशिद ने कहा कि अभी तक कोई तिथि तय नहीं की गई है।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर हमें निर्देश या संकेत मिलता है कि यह किसी निश्चित तिथि और समय पर आयोजित किया जाएगा, तो हम उसी के अनुसार काम करेंगे। भले ही यह कल हो, हमें कल की तैयारी करनी होगी। सूचना मिलते ही हम आपको तिथि बता पाएंगे।’’

कानून मंत्रालय के अधिकारियों ने कहा कि क्योंकि राजपत्र अधिसूचना शनिवार को जारी की गई थी, इसलिए शपथ ग्रहण के लिए तीन दिन की अवधि 15 फरवरी से 17 फरवरी तक मानी जा सकती है।

निर्वाचन आयोग (ईसी) के अनुसार, बीएनपी ने 297 में से 209 सीट जीतीं, जबकि दक्षिणपंथी जमात-ए-इस्लामी को 68 सीट पर जीत मिलीं। शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के चुनाव लड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।

भाषा

देवेंद्र माधव

माधव