ढाका, 10 मई (भाषा) बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के एक वरिष्ठ सलाहकार ने रविवार को भारत के साथ सीमा पर दो बांग्लादेशी नागरिकों के मारे जाने की घटना पर चिंता व्यक्त की और कहा कि ढाका नयी दिल्ली के साथ ‘मैत्रीपूर्ण संबंध’ स्थापित करना चाहता है।
सीमा सुरक्षा बल ने शुक्रवार रात त्रिपुरा के सेपाहिजाला जिले में दो संदिग्ध बांग्लादेशी तस्करों को गोली मार दी थी। बाद में बीएसएफ और बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) अधिकारियों की मौजूदगी में कमलासागर सीमा चौकी के जरिए दोनों शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए।
प्रधानमंत्री के राजनीतिक सलाहकार रुहुल कबीर रिजवी ने रविवार को कहा, “हम मैत्रीपूर्ण संबंध चाहते हैं, लेकिन यदि सीमा बार-बार खून से लाल होती रहे तो अच्छे रिश्ते कायम नहीं रह सकते।”
रिजवी ने यहां डिप्लोमा इंजीनियरों के राष्ट्रीय अधिवेशन को संबोधित करते हुए दो संदिग्ध तस्करों की हत्या का मुद्दा उठाया।
उन्होंने कहा, “कल भी ब्राह्मणबरिया सीमा पर दो लोगों को गोली मार दी गई।”
सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के वरिष्ठ संयुक्त महासचिव रिजवी ने कहा कि भारत के लोग भी ऐसी घटनाएं नहीं देखना चाहते।
भारत में हाल में हुए राज्य चुनावों का उल्लेख करते हुए रिजवी ने कहा कि यह “पूरी तरह भारत के लोगों का आंतरिक मामला” है, जिसका फैसला वही करेंगे।
भाषा राखी नरेश
नरेश