बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने कानून के शासन और सुरक्षा के लिए संकल्प लिया

बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने कानून के शासन और सुरक्षा के लिए संकल्प लिया

बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने कानून के शासन और सुरक्षा के लिए संकल्प लिया
Modified Date: February 19, 2026 / 12:32 am IST
Published Date: February 19, 2026 12:32 am IST

ढाका, 18 फरवरी (भाषा) बांग्लादेश के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने कानून के शासन को मजबूत करने का संकल्प लेते हुए बुधवार को कहा कि उनकी सरकार देश को सभी नागरिकों के लिए सुरक्षित बनाएगी, चाहे वे किसी भी पार्टी, मत, धर्म या जातीयता के हों।

पदभार ग्रहण करने के बाद राष्ट्र को अपने पहले टेलीविजन भाषण में, 60 वर्षीय रहमान ने कहा कि कानून-व्यवस्था सुधारना और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘हम इस देश को हर नागरिक के लिए सुरक्षित बनाना चाहते हैं। मुसलमान, हिंदू, बौद्ध, ईसाई। चाहे किसी पार्टी, धर्म, मत या जातीयता को मानने वाले हों। चाहे पहाड़ों में हों या मैदानों में-यह देश हम सभी का है।’’

उन्होंने इस बात पर बल दिया, “चाहे आपने बीएनपी (बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी) को वोट दिया हो, न दिया हो, या बिल्कुल भी वोट न दिया हो — इस सरकार पर सभी का बराबर अधिकार है। एक बांग्लादेशी के रूप में हम सभी को इस देश में समान अधिकार प्राप्त हैं।”

रहमान की बहुलतावादी समाज पर यह टिप्पणी इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि अगस्त 2024 में तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना के सत्ता से बेदखल होने के बाद हिंदू समुदाय को कई बार निशाना बनाया गया।

अगस्त 2024 से मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार के शासनकाल में भीड़ हिंसा, अल्पसंख्यकों, विशेषकर हिंदुओं पर हमले बढ़ गए।

मानवाधिकार संगठन एमएसएफ (मनवाधिकार संघर्षकृति फाउंडेशन) ने जनवरी 2026 में भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या की 21 और मारपीट की 28 घटनाएं दर्ज की है।

वहीं, बांग्लादेश हिंदू बौद्ध ईसाई एकता परिषद ने 2025 में 522 सांप्रदायिक हमले दर्ज किए, जिनमें हत्याएं, बलात्कार और मंदिरों में तोड़फोड़ शामिल हैं। जून 2025 से जनवरी 2026 के बीच अल्पसंख्यक समुदाय के 116 लोग मारे गए जिनमें अधिकांश हिंदू हैं।

बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों, विशेष रूप से हिंदुओं पर हमलों को लेकर भारत चिंता जताता रहा है।

रहमान ने कहा कि प्रत्येक संवैधानिक, सरकारी और गैर-सरकारी संस्था कानून और नियमों के अनुसार कार्य करेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘राजनीतिक दबाव नहीं, बल्कि कानून का शासन ही अंतिम निर्णय होगा।’’

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य आत्मनिर्भर, सुरक्षित, मानवीय और लोकतांत्रिक बांग्लादेश बनाना है।

रमजान के मौके पर उन्होंने नागरिकों को शुभकामनाएं दी और कहा कि इस महीने में लोगों के कष्ट न बढ़ें। उन्होंने गैस, पानी और बिजली की सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

रहमान ने कहा कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करेगी, साथ ही व्यापारियों और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा भी करेगी।

उन्होंने युवाओं और छात्रों को आश्वासन दिया कि सरकार उनके बौद्धिक और वैज्ञानिक विकास में हर संभव मदद करेगी।

रहमान ने मंगलवार को 11वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली।

उन्होंने 12 फरवरी को हुए 13वें संसदीय चुनावों में अपनी पार्टी को जीत दिलाई और अंतरिम सरकार प्रमुख यूनुस का स्थान लिया।

रहमान दिवंगत राष्ट्रपति जियाउर रहमान और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के पुत्र हैं।

भाषा खारी वैभव

वैभव


लेखक के बारे में