बांग्लादेश का नया मंत्रिमंडल 17 फरवरी को लेगा शपथ

Ads

बांग्लादेश का नया मंत्रिमंडल 17 फरवरी को लेगा शपथ

  •  
  • Publish Date - February 15, 2026 / 08:28 AM IST,
    Updated On - February 15, 2026 / 08:28 AM IST

ढाका, 15 फरवरी (भाषा) बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन 17 फरवरी को राष्ट्रीय संसद परिसर के साउथ प्लाजा में बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान के नए मंत्रिमंडल को शपथ दिलाएंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

इस समारोह का दिलचस्प पहलू यह है कि यह राष्ट्रीय संसद परिसर के साउथ प्लाजा में आयोजित किया जा रहा है जबकि अभी तक शपथ ग्रहण समारोह राष्ट्रपति भवन में आयोजित होते रहे हैं।

बंगभवन (राष्ट्रपति भवन) के एक अधिकारी ने नाम न उजागर करने की शर्त पर बताया, ‘‘हमें सूचित किया गया है कि राष्ट्रपति मंगलवार को संसद परिसर में नए मंत्रिमंडल को शपथ दिलाएंगे।’’

समाचारपत्र ‘प्रोथोम आलो’ और ‘इत्तेफाक’ में प्रकाशित खबर के अनुसार, समारोह के बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त एएमएम नासिर उद्दीन नव-निर्वाचित सांसदों को पद की शपथ दिलाएंगे, जबकि संविधान के अनुसार यह शपथ अध्यक्ष शिरीन शरमिन चौधरी द्वारा दिलाई जानी चाहिए।

तारिक रहमान के एक प्रमुख सहयोगी ने नाम न उजागर की शर्त पर बताया कि मौजूदा परिस्थितियों ने मामलों को थोड़ा जटिल बना दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘ पिछली संसद की अध्यक्ष को सांसदों को शपथ दिलानी होती है, लेकिन उन्होंने इस्तीफा दे दिया है और अज्ञात स्थान पर रह रही हैं, जबकि उपाध्यक्ष जेल में हैं। इन परिस्थितियों में राष्ट्रपति संविधान में तय प्रावधान के अनुसार किसी और को शपथ दिलाने के लिए चुन सकते हैं।’’

इससे पहले, कैबिनेट सचिव शेख अब्दुर राशिद ने कहा था कि संविधान के अनुरूप राष्ट्रपति नए मंत्रिमंडल को शपथ दिलाएंगे, लेकिन उन्होंने समारोह की तारीख नहीं बताई।

भाषा खारी शोभना

शोभना