India vs Pakistan T20 World Cup 2026/Image Source: ICC
IND vs PAK: क्रिकेट जगत की सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्विता एक बार फिर देखने को मिलेगी जब भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप 2026 का ग्रुप ए मुकाबला आज रविवार को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमें अब तक टूर्नामेंट में अजेय हैं और अंक तालिका में शीर्ष स्थान के लिए भिड़ेंगी।
भारत ने अपने पहले मुकाबले में अमेरिका को 29 रन से हराया जबकि दूसरे मैच में नामीबिया को 93 रन से शिकस्त दी। चार अंकों और +3.050 के बेहतरीन नेट रन रेट के साथ टीम इंडिया ग्रुप ए में शीर्ष पर काबिज है। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में संतुलित प्रदर्शन भारत की ताकत बनकर उभरा है। पाकिस्तान ने पहले मैच में नीदरलैंड्स को रोमांचक अंदाज में हराया, फिर अमेरिका के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज की। +0.932 नेट रन रेट के साथ पाकिस्तानी टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। कप्तान सलमान अली आगा की अगुवाई में टीम आत्मविश्वास से भरी नजर आ रही है।
IND vs PAK: टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दोनों टीमों के बीच अब तक 16 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत 13-3 से आगे है। टी20 विश्व कप की बात करें तो यहां भी भारत का पलड़ा भारी है 8 मैचों में 7 बार भारत ने जीत दर्ज की है जबकि पाकिस्तान को सिर्फ 1 जीत मिली है। एक मुकाबला टाई रहा, जिसे भारत ने बॉल-आउट में अपने नाम किया।
IND vs PAK: भारत में इस हाई-वोल्टेज मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar पर उपलब्ध होगी, जबकि टीवी पर सीधा प्रसारण Star Sports Network के चैनलों पर किया जाएगा। क्रिकेट प्रेमियों की नजरें इस रोमांचक मुकाबले पर टिकी हैं। क्या भारत अपना दबदबा कायम रखेगा या पाकिस्तान इतिहास बदलने में कामयाब होगा? जवाब आज कोलंबो के मैदान पर मिलेगा।