कराची में इतिहास की सबसे बड़ी डकैती, लुटेरे 30 करोड़ पाकिस्तानी रुपये के जेवरात लेकर फरार

कराची में इतिहास की सबसे बड़ी डकैती, लुटेरे 30 करोड़ पाकिस्तानी रुपये के जेवरात लेकर फरार

कराची में इतिहास की सबसे बड़ी डकैती, लुटेरे 30 करोड़ पाकिस्तानी रुपये के जेवरात लेकर फरार
Modified Date: February 16, 2026 / 09:43 pm IST
Published Date: February 16, 2026 9:43 pm IST

कराची, 16 फरवरी (भाषा) पाकिस्तान के सबसे बड़े शहर कराची के इतिहास की सबसे बड़ी डकैतियों में से एक में अज्ञात लुटेरे लगभग 30 करोड़ पाकिस्तानी रुपये मूल्य के सोने और हीरे के जेवरात लेकर फरार हो गए।

एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि लुटेरों ने सप्ताहांत की छुट्टी होने के कारण दुकान बंद होने का फायदा उठाकर कराची के मलिर इलाके के पाकिस्तान कॉलोनी क्षेत्र में इस वारदात को अंजाम दिया।

अधिकारी ने कहा कि लुटेरे इकबाल ज्वेलरी दुकान की तिजोरी की पिछली दीवार में छेद करके भीतर घुसे।

दुकान के मालिक अयूब खान ने बताया, ‘‘हमने 12 फरवरी को रोज की तरह दुकान बंद की थी, लेकिन जब दो दिन बाद इसे खोला तो कर्मचारियों ने पाया कि सारे बक्से खाली थे। सोने के गहने, सोने की ईंटें और हीरे सब गायब थे।’’

उन्होंने बताया कि बाजार में शुक्रवार और शनिवार को साप्ताहिक अवकाश रहता है, जबकि रविवार को ग्राहकों की वजह से दुकानें खुलती हैं।

क्षेत्र के एसएचओ इकबाल दीवान ने कहा कि दुकानदार ने करीब 30 करोड़ पाकिस्तानी रुपये के आभूषण गायब होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

उन्होंने बताया, ‘‘उन्होंने (दुकानदार ने) शिकायत में कहा है कि लगभग 700 तोला शुद्ध सोने की ईंटें चोरी हुई हैं।’’

एसएचओ ने कहा कि लुटेरों को बाजार के नक्शे और व्यवस्था की जानकारी थी और वे पीछे की दीवार से अंदर घुसे। बहरहाल, बाजार के सुरक्षा गार्ड को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

भाषा गोला रंजन

रंजन


लेखक के बारे में